उत्तर प्रदेशनोएडा

पुलिस कमिश्नरेट के पास ही चोरों का तांडव! नोएडा के सेक्टर-105 में पांच घरों को बनाया निशाना, CCTV फुटेज वायरल

नोएडा के सेक्टर-105 में पुलिस कमिश्नरेट के पास पांच मकानों में चोरी से हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद आरडब्ल्यूए ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

Noida News: नोएडा में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय के नजदीक ही लगातार वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। सेक्टर-105 में पिछले कुछ दिनों के भीतर पांच मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। वारदातों के सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लगातार हो रही चोरी से सेक्टरवासियों में डर का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पांच मकानों में चोरी से मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सेक्टर के मकान नंबर बी-3, बी-4, बी-16, डी-186 और डी-25 को निशाना बनाया। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कमिश्नरेट मुख्यालय के बेहद करीब होने के कारण सेक्टर को सुरक्षित माना जाता था, लेकिन लगातार वारदातों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

आरडब्ल्यूए ने अपर पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के नेतृत्व में अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और सेक्टर में दिन-रात पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता रश्मि सिंह और डी-25 निवासी दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। आरडब्ल्यूए ने मांग की कि वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

तेज रफ्तार वाहन और खुलेआम शराबखोरी पर भी उठाए सवाल

ज्ञापन में सेक्टर की अन्य समस्याओं का भी जिक्र किया गया। आरडब्ल्यूए का आरोप है कि बाहरी लोग यहां की सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाना सीखते हैं। वहीं, कुछ लोग पार्कों और गाड़ियों में बैठकर खुलेआम शराब पीते हैं। इससे खासकर शाम के समय महिलाओं और बुजुर्गों को असुरक्षा महसूस होती है।

पुलिस ने दिया सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा

अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया।

अब सेक्टरवासियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि कमिश्नरेट के इतने करीब लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा कब तक हो पाएगा।

ये भी पढ़ें: मेंटिनेंस देने पर भी नहीं सुनी गई शिकायतें! पंचशील हाइनिश में बवाल, देर रात दो पक्षों में मारपीट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »