Baba Ramdev: योग गुरु बाबा रामदेव और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने धार्मिक मान्यताओं, देवी-देवताओं की तुलना और सनातन संस्कृति के नाम पर समाज में तनाव फैलाने वालों पर सवाल उठाए। रामदेव ने कुछ कथाकारों को पाखंडी बताते हुए कहा कि धर्म की आड़ में लोगों को भड़काने और अंधविश्वास फैलाने का काम नहीं होना चाहिए। भगवान राम और कृष्ण की तुलना पर जताई नाराजगी महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी देवी-देवता की आपस में तुलना करना उचित नहीं है। रामदेव ने तंज कसते हुए कहा कि यदि किसी ने भगवान कृष्ण को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, तो उसे अपनी बात पर माफी मांगनी चाहिए और मंदिर जाकर दर्शन करने चाहिए। कट्टर हिंदू सनातनी बनाने की आड़ में चल रहे ढोंग, पाखंड, आडम्बर से कैसे बचें और देश को कैसे बचाएं? #matrshakti #Women #Nari #Bharat #MahilaSashaktikaran #WomenEmpowerment, #WomenPower https://t.co/BXV1UBfUfz — स्वामी रामदेव (@yogrishiramdev) November 23, 2026 'सनातन संस्कृति के नाम पर फैल रही तनातनी' रामदेव ने कहा कि पिछले कुछ समय से सनातन संस्कृति के नाम पर समाज में तनाव और मतभेद बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं। उनके मुताबिक, कुछ लोग पहले समाज में खतरे का माहौल बनाते हैं और फिर खुद को हिंदुओं का रक्षक बताने लगते हैं। उन्होंने हथियारों की बात करने वालों पर भी निशाना साधा। रामदेव ने कहा कि देश संविधान, लोकतंत्र और कानून के आधार पर चलता है। समाज की रक्षा के नाम पर हिंसा या हथियारों को बढ़ावा देना सही रास्ता नहीं है। जीवन में योग, ज्ञान, धार्मिक अनुशासन और आत्मानुशासन का महत्व सबसे अधिक है। करवा चौथ पर टिप्पणी को लेकर भी जताई नाराजगी बाबा रामदेव ने करवा चौथ जैसे पारंपरिक त्योहारों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि किसी के व्रत, त्योहार, रिश्तों और धार्मिक प्रतीकों का मजाक उड़ाना उचित नहीं है। सोशल मीडिया रील और मनोरंजन कार्यक्रमों के नाम पर किसी समाज या परंपरा का अपमान नहीं होना चाहिए। रामदेव ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। इस बयान के बाद बाबा रामदेव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, रामदेव ने अपने संबोधन में धीरेंद्र शास्त्री का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। ये भी पढ़ें: हिंडन नदी के जहरीले पानी से उग रहीं सब्जियां! कुलेसरा में कैमरे पर कैद हुआ चौंकाने वाला सच