उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

26 नवंबर को लखनऊ में सियासी शक्ति प्रदर्शन! एक मंच पर चंद्रशेखर-ओवैसी, तो अखिलेश खोलेंगे चुनावी वादों का पिटारा

26 नवंबर को लखनऊ में सियासी घमासान होगा। चंद्रशेखर-ओवैसी महारैली करेंगे, अखिलेश यादव PDA घोषणा-पत्र जारी करेंगे और मल्लिकार्जुन खरगे संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे। 2027 चुनाव की तैयारी तेज।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ में राजनीति के तीन बड़े कार्यक्रम होने जा रहे हैं। एक तरफ चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी संयुक्त महारैली के जरिए अपनी ताकत दिखाएंगे, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अपने पीडीए घोषणा-पत्र के साथ चुनावी बिगुल फूंकेगी। वहीं, कांग्रेस भी संविधान रक्षा मार्च निकालकर सियासी संदेश देने की तैयारी में है। ऐसे में 26 नवंबर को लखनऊ की सियासत पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।

चंद्रशेखर-ओवैसी की महारैली पर नजर

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित करेंगे। इस रैली के जरिए दोनों नेता बहुजन अधिकार, संविधान की रक्षा, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे उठाएंगे।

आयोजकों का दावा है कि रैली में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। भीड़ को लेकर 7 से 10 लाख तक लोगों के जुटने का अनुमान जताया जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले इस संयुक्त आयोजन को दोनों दलों के शक्ति प्रदर्शन और संभावित राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अखिलेश यादव जारी करेंगे PDA का घोषणा-पत्र

दूसरी ओर समाजवादी पार्टी भी 26 नवंबर को अपने चुनावी अभियान को नई धार देने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ जारी करेंगे। इसे ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है।

पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार हो रहे इस घोषणा-पत्र में संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा के साथ महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी की योजना आगे अलग-अलग मंडलों और जिलों के लिए क्षेत्रीय घोषणा-पत्र लाने की भी है।

कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च

इसी दिन कांग्रेस प्रदेशभर में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेगी। लखनऊ में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे।

मार्च की शुरुआत नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद मार्च एनेक्सी होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ समाप्त होगा। कार्यक्रम में प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।

2027 की चुनावी बिसात

कुल मिलाकर, 26 नवंबर को लखनऊ में तीन अलग-अलग राजनीतिक कार्यक्रमों के जरिए विपक्षी दल अपनी ताकत और एजेंडा जनता के सामने रखेंगे। अब देखना होगा कि संविधान दिवस पर होने वाला यह सियासी शक्ति प्रदर्शन 2027 के चुनावी समीकरणों को किस दिशा में ले जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »