उत्तर प्रदेशभारत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव! छात्रों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत, 35 से ज्यादा घायल

कन्नौज के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर छात्रों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर! भीषण हादसे में चार छात्रों की मौत, 35 से ज्यादा घायल।

Reported by Pankaj Kumar and edited by Shagun Chaurasia

Kannauj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। टूर से लौट रहे छात्रों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

50 छात्रों और 6 शिक्षकों से भरी थी बस

जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी कौशांबी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छात्र शैक्षणिक टूर से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के 209 किलोमीटर कट के पास यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रों से भरी बस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।

मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दो छात्रों की हालत पर विशेष नजर रखी जा रही है।

DM-SP ने लिया घायलों का हाल

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज जाकर घायल छात्रों का हाल जाना और अस्पताल में उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

फिलहाल हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। एक टूर से लौट रहे छात्रों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार छात्रों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें: निषाद समाज की शर्तें मानो, तभी सपा में होगी घर वापसी… संजय निषाद का बड़ा ऐलान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »