Jewar Cylinder Blast: जिस घर में कुछ दिनों बाद बेटी की शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटे की पत्नी और दो साल का मासूम बच्चा झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। शादी की तैयारियों के बीच हुआ दर्दनाक हादसा जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव में वीरपाल सिंह के घर में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 56 वर्षीय वीरपाल सिंह और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि परिवार में 2 दिसंबर को बेटी की शादी होनी थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पत्नी और दो साल का बच्चा भी झुलसे धमाके की चपेट में अभिषेक की 22 वर्षीय पत्नी काजल और उनका दो साल का बेटा आदित्य भी आ गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। विधायक पहुंचे, पुलिस कर रही कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे सिलेंडर में आग लगने और ब्लास्ट की सूचना मिली थी। हादसे में वीरपाल और उनके बेटे अभिषेक की मौत हुई है। वहीं, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट- सुमित राजपूत ये भी पढ़ें: हिंडन नदी के जहरीले पानी से उग रहीं सब्जियां! कुलेसरा में कैमरे पर कैद हुआ चौंकाने वाला सच