उत्तर प्रदेशराजनीति

प्रत्याशी BJP का, चुनाव चिह्न होगा जयंत चौधरी की पार्टी का? रालोद का आया नया फॉर्मूला!

यूपी चुनाव 2027 से पहले भाजपा-रालोद में नया सीट फॉर्मूला! भाजपा के नेता रालोद के सिंबल पर लड़ सकते हैं चुनाव। जयंत सिंह की रणनीति चर्चा में।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच गठबंधन के तहत सीटों पर बातचीत शुरू हो चुकी है। इस बीच एक नए चुनावी फॉर्मूले की चर्चा है, जिसके मुताबिक उम्मीदवार भाजपा का हो सकता है, लेकिन चुनाव रालोद के सिंबल पर लड़ा जाएगा। यानी ‘प्रत्याशी हमारा, सिंबल आपका’ की रणनीति अपनाई जा सकती है।

कई सीटों पर बदल सकता है चुनावी समीकरण

सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे में रालोद को मिलने वाली सीटों की संख्या दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक घोषित हो सकती है। हालांकि, अभी केवल सीटों की संख्या सामने आने की उम्मीद है, जबकि किन विधानसभा क्षेत्रों में कौन चुनाव लड़ेगा, इसका खुलासा चुनाव की घोषणा के आसपास किया जा सकता है।

भाजपा नेताओं का RLD सिंबल?

रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह का एक बयान भी इस चर्चा को हवा दे रहा है। उन्होंने कहा था कि पार्टी के जनाधार वाली कुछ सीटों पर कार्यकर्ताओं को धैर्य रखना होगा। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा और शामली समेत कुछ सीटों पर भाजपा के नेता रालोद के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतर सकते हैं।

रालोद के जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर का कहना है कि सीटों का फैसला केंद्रीय समिति के स्तर पर होगा और वहीं इस संबंध में बातचीत की जाएगी।

2022 में भी अपनाया गया था यही फॉर्मूला

यह कोई पहली बार नहीं होगा, जब गठबंधन में एक दल के नेता दूसरे दल के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन के दौरान कई सपा नेताओं ने रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ा था।

इनमें सिवालखास से गुलाम मोहम्मद, मीरापुर से चंदन चौहान, पुरकाजी से अनिल कुमार और मुरादनगर से सुरेंद्र कुमार मुन्नी शामिल थे। चुनाव जीतने के बाद भी ये नेता गठबंधन के साथ बने रहे।

मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने के संकेत

जयंत सिंह ने एक साक्षात्कार में यह भी कहा था कि पिछले विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने रालोद का समर्थन किया था और इस बार भी उन्हें मुस्लिमों के वोट मिलने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन होने के बावजूद दोनों दलों के संगठन अलग-अलग हैं और रालोद मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारेगी।

अब देखना होगा कि भाजपा और रालोद के बीच सीटों का अंतिम फॉर्मूला क्या रहता है और किन सीटों पर किस पार्टी के नेता दूसरे दल के चुनाव चिह्न पर अपनी किस्मत आजमाते हैं।

ये भी पढ़ें: सपा ने कांग्रेस को दिया सिर्फ 26 सीटों का ऑफर! 100-140 पर अड़ी कांग्रेस, क्या टूट जाएगा गठबंधन?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »