UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू होती नजर आ रही है। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा है। वहीं, कांग्रेस 100 से 140 सीटों तक की मांग पर अड़ी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों दलों के बीच गठबंधन की राह आसान होगी या सीटों का विवाद नए राजनीतिक समीकरण पैदा करेगा? आखिर सपा कांग्रेस को कम सीटें क्यों देना चाहती है? सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उन सीटों की सूची सौंपी है, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया था या मजबूत स्थिति में रही थी। इस सूची में अमेठी की जगदीशपुर सीट भी शामिल बताई जा रही है। हालांकि, कांग्रेस अमेठी और रायबरेली की सभी 10 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही है। सपा का सीटों का आकलन पिछले चुनावों में कांग्रेस को मिले वोटों और जीत की संभावनाओं के आधार पर बताया जा रहा है। पिछले गठबंधन के अनुभव से सतर्क अखिलेश सपा इस बार सीटों के बंटवारे के साथ चुनाव के बाद बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर रख रही है। दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी की आरएलडी और ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा के साथ गठबंधन किया था। लेकिन बाद में दोनों दलों ने सपा का साथ छोड़ दिया और बीजेपी के साथ चले गए। इसी अनुभव को देखते हुए सपा इस बार कांग्रेस से संभावित उम्मीदवारों के नाम भी मांग रही है, ताकि चुनावी रणनीति बनाते समय किसी समीकरण की अनदेखी न हो। हालांकि, कांग्रेस को 26 सीटों के प्रस्ताव के अलावा जरूरत पड़ने पर 50 सीटों तक देने की संभावना की भी चर्चा है। 100 से 140 सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी दूसरी तरफ कांग्रेस पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 100 से 140 सीटों तक की मांग कर रही है। इसके पीछे 2017 का सपा-कांग्रेस गठबंधन भी एक आधार माना जा रहा है, जब कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं। बैठक के बाद तय होगी गठबंधन की दिशा फिलहाल दोनों दलों की नजर सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बैठक पर टिकी है। बातचीत के बाद ही साफ होगा कि कांग्रेस सपा के प्रस्ताव पर सहमत होती है या अपनी मांगों पर कायम रहती है। 2027 के चुनाव से पहले यह सीटों का विवाद विपक्षी गठबंधन की एकजुटता के लिए बड़ी परीक्षा बन सकता है। ये भी पढ़ें: 26 नवंबर को लखनऊ में सियासी शक्ति प्रदर्शन! एक मंच पर चंद्रशेखर-ओवैसी, तो अखिलेश खोलेंगे चुनावी वादों का पिटारा