भारत

नशे में मर्सिडीज की रफ्तार बनी मौत! 70 वर्षीय महिला को रौंदा, कई वाहनों में मारी टक्कर

दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने कई वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में 70 वर्षीय महिला की मौत हुई। चालक शुभम हिरासत में, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Delhi Road Accident: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने जमकर कहर बरपाया। हिमालय अपार्टमेंट के बाहर कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकली करीब 70 वर्षीय महिला इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य वाहन चालक के घायल होने की सूचना है।

तेज रफ्तार में कई गाड़ियों को मारी टक्कर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मर्सिडीज बेहद तेज गति से अपार्टमेंट के बाहर पहुंची और एक के बाद एक कई वाहनों से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान उर्मिला के रूप में बताई गई है। वह रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।

कार से बीयर की केन मिलने का दावा

स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। घटनास्थल से सामने आई जानकारी के मुताबिक, कार के अंदर बीयर की एक केन भी मिली। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच की अंतिम रिपोर्ट से होगी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

दोस्त की बताई जा रही मर्सिडीज

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक की पहचान शुभम के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मर्सिडीज उसके दोस्त की थी, जिसे उसने एक दिन पहले चलाने के लिए मांगा था। शुभम सोनीपत में पढ़ाई कर रहा है। आरोपी के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज

घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें आरोपी को कार के आसपास देखा जा सकता है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वजह, कार की गति और चालक की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: IIT दिल्ली का 57वां दीक्षांत समारोह आज, PM मोदी देंगे 3 हजार से ज्यादा छात्रों को डिग्रियां

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »