भारत

बुराड़ी में बहन की हत्या के बाद सूटकेस में छिपाया शव, नाइट चेकिंग में ऐसे पकड़ा गया आरोपी भाई

दिल्ली के बुराड़ी में सूटकेस से युवती का शव मिला। पुलिस ने चचेरे भाई अविनाश को हिरासत में लिया। प्रेम प्रसंग के शक में हत्या की आशंका है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Delhi Crime: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक सुनसान जगह पर सूटकेस के अंदर युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मृतका के चचेरे भाई अविनाश को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के चलते युवती की कथित तौर पर हत्या की गई।

सुनसान जगह पड़ा मिला सूटकेस

मामला उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित अजीत विहार का है। पुलिस को गली नंबर-1 के पास एक सुनसान स्थान पर संदिग्ध सूटकेस मिला। तलाशी लेने पर उसके भीतर युवती का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

नाइट चेकिंग में सामने आया सुराग

पुलिस के मुताबिक, आउटर नॉर्थ जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम रात में इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर अपनी चचेरी बहन की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर अजीत विहार पहुंची, जहां से सूटकेस बरामद किया गया।

प्रेम प्रसंग के शक ने बढ़ाया विवाद?

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को अपनी चचेरी बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। पुलिस को आशंका है कि इसी शक और उससे जुड़े विवाद के कारण हत्या की गई। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, वारदात को अंजाम देने के तरीके और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव को सूटकेस में कब और कैसे ले जाकर वहां फेंका गया।

खास बात यह है कि मामले में पुलिस को किसी गुमशुदगी या हत्या की शिकायत मिलने से पहले ही नाइट चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों से सुराग मिला। आरोपी से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: गायों को बचाने में पलटी किस्मत! भिंड में ट्रक से भिड़ी पिकअप, 8 मजदूरों की मौत, 23 घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »