Ganga Aarti In London: वाराणसी, हरिद्वार और ऋषिकेश के घाटों से जुड़ी गंगा आरती की परंपरा अब लंदन की टेम्स नदी तक पहुंचने जा रही है। 13 सितंबर 2026 को ग्रीनविच स्थित ओल्ड रॉयल नेवल कॉलेज में टेम्स के किनारे विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि कार्यक्रम में किसी भी धर्म और पृष्ठभूमि के लोग शामिल हो सकेंगे। दो संस्कृतियों का संगम यह आयोजन चिन्मय मिशन यूके और टोटली टेम्स के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और टेम्स नदी के बीच एक सांस्कृतिक एवं प्रतीकात्मक जुड़ाव को सामने लाना है। शाम 4 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा। यहां भारतीय संस्कृति से जुड़े कम्युनिटी स्टॉल, भारतीय व्यंजन, लाइव म्यूजिक और डांस परफॉर्मेंस आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां रखी गई हैं। इसके बाद कार्यक्रम धीरे-धीरे शाम के मुख्य आकर्षण की ओर बढ़ेगा। शाम 7:15 बजे रॉयल स्टेप्स पर पारंपरिक गंगा आरती होगी। इसमें दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत के जरिए नदी के प्रति श्रद्धा और सम्मान का संदेश दिया जाएगा। टेम्स में नहीं होगा विसर्जन आयोजकों ने कार्यक्रम को पर्यावरण के अनुकूल रखने पर विशेष जोर दिया है। टेम्स नदी की स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फूल, मूर्तियां या पूजा सामग्री नदी में विसर्जित करने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों का कहना है कि गंगा और टेम्स दोनों नदियां अपने-अपने क्षेत्रों की सभ्यता, इतिहास और संस्कृति से गहराई से जुड़ी हैं। ऐसे में टेम्स किनारे होने वाली यह आरती दो नदी परंपराओं के सांस्कृतिक मिलन का प्रतीक होगी। कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क है, लेकिन इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। आयोजन रविवार, 13 सितंबर को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। ये भी पढ़ें: अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTubers और इन्फ्लुएंसर्स की ‘नो एंट्री’, BSA ने जारी किया आदेश