लखनऊ, 20 अगस्त 2026। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के गुरुवार को खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गौर गोरखपुर लायंस को तीन विकेट से हरा दिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन बनाए। जवाब में नोएडा किंग्स ने 19.5 ओवर में सात विकेट खोकर 186 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। नोएडा किंग्स की जीत में कार्तिक सिद्धू के ऑलराउंड प्रदर्शन के साथ अनिवेश चौधरी की नाबाद 34 रन की तूफानी पारी अहम रही। अनिवेश ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के और फिर चौका लगाकर टीम को एक गेंद शेष रहते रोमांचक जीत दिलाई। अभय प्रताप और सिद्धार्थ ने गोरखपुर को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया टॉस जीतकर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को अभय प्रताप सिंह और आर्यन जुयाल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। अभय प्रताप ने 41 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 70 रन बनाए, जबकि आर्यन जुयाल ने 19 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 28 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। पार्थ पलावत ने सात गेंदों पर नाबाद 16 रन जोड़कर टीम का स्कोर 185 रन तक पहुंचाया। नोएडा किंग्स की ओर से बॉबी यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 48 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि कार्तिक सिद्धू ने 28 रन देकर तीन विकेट झटके। नोएडा की शुरुआत खराब, फिर आदित्य और रवि ने संभाली पारी 186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 46 रन था। इसके बाद आदित्य शर्मा और रवि सिंह ने पारी को संभालते हुए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। आदित्य ने 39 रन बनाए, जबकि रवि सिंह ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 49 रन की शानदार पारी खेली। 15वें ओवर में विशाल निषाद ने आदित्य शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नोएडा को कुछ और झटके लगे और मुकाबला फिर रोमांचक स्थिति में पहुंच गया। आखिरी ओवर में अनिवेश ने पलटा मैच अंतिम दो ओवर में नोएडा किंग्स को जीत के लिए 23 रन चाहिए थे। गोरखपुर के अब्दुल रहमान ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ पांच रन दिए, जिससे नोएडा के सामने आखिरी छह गेंदों पर 18 रन का लक्ष्य रह गया। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक सिद्धू 17 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद अनिवेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर छक्के जड़कर मैच का रुख बदल दिया। दो रन लेने के बाद अगली गेंद पर अनिवेश ने चौका जड़ दिया और नोएडा किंग्स को एक गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दिला दी। अनिवेश 15 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच की शुरुआत में खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी मैच की औपचारिक शुरुआत डॉ. राजशेखर, आईएएस और प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), लखनऊ ने पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने यूपी टी-20 लीग को प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने का माध्यम बताया। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले के साथ रोमांच और प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर बिस्ला समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : DIOS पहुंचे तो खुली स्कूल की पोल: 55 छात्रों में सिर्फ 8 उपस्थित, प्रिंसिपल के कमरे पर ताला, शिक्षक भी नदारद!