Noida News: मिलावटखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान में गौतमबुद्ध नगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। लखनावली गोलचक्कर के पास देर रात एक वाहन से करीब 400 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद किया गया। शुरुआती जांच में पनीर में पाम ऑयल समेत अन्य मिलावटी सामग्री इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। अलीगढ़ से नोएडा-ग्रेटर नोएडा आ रहा था पनीर खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बरामद पनीर को अलीगढ़ से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सप्लाई करने के लिए लाया जा रहा था। टीम ने लखनावली गोलचक्कर के पास वाहन की जांच की, जिसके दौरान बड़ी मात्रा में पनीर मिला। मिलावट की आशंका सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने पनीर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कराया। इसके बाद नियमानुसार करीब 400 किलो पनीर को नष्ट करा दिया गया, ताकि इसे बाजार में आगे सप्लाई न किया जा सके। मिलावटखोरों पर जारी रहेगा अभियान सहायक खाद्य आयुक्त सर्वेश कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई के दौरान पनीर बरामद किया था। जांच में मिलावट पाए जाने के बाद उसे नष्ट करा दिया गया। खाद्य विभाग का कहना है कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और सप्लाई रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों की नजर खासतौर पर बाहर से आने वाले खाद्य उत्पादों और उनकी सप्लाई चेन पर है। लगातार सामने आ रहे नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ाई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। ये भी पढ़ें: 7275 ई-चालान और 19 वाहन सीज, गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्यवाही