प्यार का खौफनाक अंत, युवती की गला रेतकर हत्या, फिर युवक ने फांसी लगाकर दी जान
कानपुर देहात में प्रेम प्रसंग विवाद के बाद युवक ने युवती की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Kanpur Murder Case || Love Affair || Crime News || Double Death Mystery || UP News: उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित अकारू गांव में प्रेम प्रसंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गांव में एक युवती की बेरहमी से हत्या और उसके कुछ ही देर बाद युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान शिशुपाल के रूप में हुई है, जो औरैया जिले के दिबियापुर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से अपनी मामी के घर रह रहा था। इसी दौरान उसकी पड़ोस में रहने वाली एक युवती से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने बातचीत बंद करने का फैसला किया था।
पहले मारा फिर आत्महत्या
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी बात से नाराज होकर सोमवार सुबह युवक युवती के घर पहुंच गया। उस समय घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। आरोप है कि युवक ने धारदार हथियार से युवती का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद युवक वापस अपने घर लौटा और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर पहुंचे तो दोनों घटनाओं का खुलासा हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दी जानकारी
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है, हालांकि हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।
Reported by- मनीष मिश्रा
ये भी पढ़ें: 7 सेकेंड में वार्ड से गायब हुआ नवजात, मां फोन पर व्यस्त रही, नकली नर्स बनकर पहुंची महिला ने उठाया बच्चा



