ICU में हुई शादी, अस्पताल के बेड पर दुल्हन की मांग भर बना यादगार पल
गोरखपुर में हादसे में घायल दुल्हन ICU में भर्ती हुई, तो दूल्हा बारात लेकर अस्पताल पहुंचा और वहीं मांग भर शादी पूरी की।
Gorakhpur News || ICU Marriage || Unique Wedding || UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक ऐसी शादी हुई जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। शादी के दिन हादसे में घायल हुई दुल्हन अस्पताल के ICU में भर्ती थी, लेकिन दूल्हे ने तय मुहूर्त पर वहीं पहुंचकर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। अब यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
बांसगांव थाना क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महुआ गांव निवासी सन्नी यादव से तय थी। 13 मई को दोनों की शादी होनी थी और घर में खुशियों का माहौल था। इसी बीच पूजा अपने एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने भाई के साथ संतकबीरनगर गई थी। लौटते समय अचानक उसे चक्कर आया और वह बाइक से गिर गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और उसे बेहोशी की हालत में गोरखपुर के दाउदपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में हुई शादी संपन्न
डॉक्टरों ने पूजा को ICU में शिफ्ट कर दिया। घटना की खबर मिलते ही दूल्हा और उसके परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए। देर शाम डॉक्टरों ने बताया कि दुल्हन खतरे से बाहर है, लेकिन फिलहाल अस्पताल से छुट्टी संभव नहीं है। इसके बाद दोनों परिवारों ने बड़ा फैसला लिया। तय हुआ कि शादी शुभ मुहूर्त पर ही होगी। रात में दूल्हा पूरी बारात के साथ अस्पताल पहुंचा। ICU के बाहर मंत्रोच्चार हुआ और अस्पताल के बेड पर लेटी दुल्हन की मांग में दूल्हे ने सिंदूर भर दिया। इसके बाद सात वचन की रस्म भी पूरी कराई गई। इस भावुक पल को देखने वाले लोगों की आंखें नम हो गईं।
ये भी पढ़ें: लखनऊ के नीलांश वाटर पार्क में बवाल, महिलाओं से मारपीट का वीडियो वायरल



