Swine flu In Delhi: राजधानी दिल्ली में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अब तक संक्रमण के करीब 3,000 मामले सामने आने की जानकारी है। मामलों में तेजी को देखते हुए मुख्यमंत्री गुप्ता ने स्वास्थ्य व्यवस्था और संक्रमण की रोकथाम को लेकर उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाई है। स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा बैठक में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों, अस्पतालों की तैयारियों, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के इलाज से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की जाएगी। प्रशासन की ओर से संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा होगी। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संक्रमण के मामले बढ़े जरूर हैं, लेकिन स्थिति सरकार के नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात की निगरानी कर रहा है। दवाओं और डॉक्टरों की कमी नहीं स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, दिल्ली के अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध हैं। जरूरी दवाओं और मेडिकल उपकरणों का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी की सलाह सरकार ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करने और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। ये भी पढ़ें: एक-एक पैसा सीधे तिजोरी में जाएगा… बांके बिहारी मंदिर के दान पर सुप्रीम कोर्ट सख्त