उत्तर प्रदेशराजनीति

बरेली में जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर तीखा हमला, घुसपैठियों और वोट चोरी को लेकर कही बड़ी बात

बरेली में भाजपा पदयात्रा के दौरान जेपी नड्डा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला। जयंत चौधरी ने भी विपक्ष को किसानों के मुद्दे पर घेरा।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Bareilly BJP Padyatra: बरेली में मंगलवार को भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इसका नेतृत्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। यात्रा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत कई बड़े नेता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा की ओर से दावा किया गया कि पदयात्रा में करीब 30 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

‘घुसपैठियों को हटाया जा रहा तो चिल्ला रहे’

पदयात्रा से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर विपक्ष चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराता है और उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाता है। नड्डा ने कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट बनवाकर चुनाव जीतने की कोशिश की जाती रही है। अब ऐसे लोगों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है तो विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।

उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर मधुमक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया है। नड्डा ने कहा कि देश में घुसपैठियों के जरिए व्यवस्था नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

जयंत चौधरी बोले- विपक्ष को किसानों की चिंता नहीं

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर किसानों के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को किसानों की समस्याओं और जरूरतों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने इथेनॉल का विरोध करने वाले नेताओं से गन्ना किसानों के लाभकारी मूल्य पर भी बात करने को कहा। जयंत चौधरी ने दावा किया कि एनडीए में शामिल होते समय किसानों से गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कराने का वादा किया था, जिसे सरकार ने पूरा किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया है कि गन्ने का मूल्य तय करते समय किसानों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

मॉक पार्लियामेंट पर भी विपक्ष को घेरा

जयंत चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित मॉक पार्लियामेंट पर भी तंज कसा। उन्होंने इसे दिखावा बताते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी हार के बाद अपनी गलतियां स्वीकार करने के बजाय व्यवस्था पर सवाल उठाता है।

ये भी पढ़ें: जानता हूं आप किस बात से डरते हैं… राहुल गांधी की PM मोदी को खुली बहस की चुनौती

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »