उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

गाजियाबाद में अखिलेश यादव पर बरसे CM धामी! उत्तराखंड को लेकर दिए बयान पर बोले- पहले अपने घर में झांकिए

गाजियाबाद में CM पुष्कर सिंह धामी ने अखिलेश यादव के उत्तराखंड संबंधी बयान पर पलटवार किया। बोले, टिप्पणी से पहले अपने परिवार में झांककर देखना चाहिए।

Ghaziabad News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को गाजियाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने विद्या भारती की ओर से आयोजित शैक्षिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान धामी ने उत्तराखंड को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीन लाख खिलाड़ियों में से चयनित होकर कार्यक्रम में पहुंचे प्रतिभागियों को देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

विद्या भारती के काम की सराहना

धामी ने विद्या भारती के शैक्षिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान उन इलाकों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जहां इसकी पहुंच अब तक सीमित रही है। इनमें वंचित और जनजातीय क्षेत्र भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के गांवों में भी विद्या मंदिर और शिशु मंदिर संचालित किए जा रहे हैं। यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कारों की सीख दी जाती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली बच्चे भविष्य में देश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

अखिलेश के बयान पर तीखा पलटवार

कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव के उत्तराखंड को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए धामी ने इसे राजनीतिक रूप से बेहद निचले स्तर की टिप्पणी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का देश की रक्षा से लेकर निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर आज तक प्रदेश ने बड़ी संख्या में सैनिक दिए हैं। इसके अलावा देश को कई विद्वान और महान व्यक्तित्व भी दिए हैं। धामी ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने से पहले उन्हें अपने परिवार में भी देखना चाहिए, क्योंकि वहां भी उत्तराखंड से जुड़े लोग हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग कम बोलते हैं, लेकिन देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने से पीछे नहीं हटते।

अखिलेश पर सियासी तंज

अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने और सीधे लोकसभा के रास्ते मुख्यमंत्री बनने संबंधी बयान पर भी धामी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी अखिलेश ने ऐसी उम्मीद लगाई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के चलते जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। इस बयानबाजी के बाद उत्तराखंड को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।

ये भी पढ़ें: जिम ट्रेनर से अफेयर, पति पर चाकू से हमला! CCTV में कैद हुई पूरी कहानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »