उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

जिम ट्रेनर से अफेयर, पति पर चाकू से हमला! CCTV में कैद हुई पूरी कहानी

गाजियाबाद में प्रेम संबंधों के शक में पति पर चाकू से हमला हुआ। पुलिस ने पत्नी प्रिया और जिम ट्रेनर प्रताप को गिरफ्तार किया। CCTV फुटेज से खुलेंगे कई राज।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Vasundhara News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की जागृति आरडब्ल्यूए सोसायटी में पति पर चाकू से हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के बीच प्रेम संबंध थे। आरोप है कि इसी रिश्ते के चलते दोनों ने शशांक कंथरिया पर हमले की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

पत्नी जिम के लिए निकली

घटना 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे वसुंधरा सेक्टर-1 की है। पुलिस के अनुसार, प्रिया घर से जिम जाने के लिए निकली और अपनी कार से रवाना हो गई। इसके कुछ देर बाद जिम ट्रेनर प्रताप सिंह घर में दाखिल हुआ और शशांक पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शशांक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। आरोपी मौके से भाग निकला। घायल शशांक को तत्काल यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिम में हुई मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, प्रताप सिंह फिटनेस हेडक्वार्टर जिम में ट्रेनर है। प्रिया पिछले सात-आठ महीने से वहां व्यायाम करने जाती थी। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और फिर उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। पुलिस का दावा है कि शशांक को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी। वह दिवाली के बाद दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे।

रनिंग के दौरान बनी हमले की योजना?

सीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि 25 अक्टूबर की सुबह रनिंग के दौरान प्रताप और प्रिया की मुलाकात हुई थी। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान शशांक पर हमला करने की योजना बनाई गई। अगले दिन प्रताप चाकू लेकर घर पहुंचा। जांचकर्ताओं के अनुसार, प्रिया ने घर का गेट खुला रखा था, जिसके बाद आरोपी अंदर घुस गया।

दूसरी शादी, कॉल और व्हाट्सऐप चैट भी जांच के घेरे में

शशांक और प्रिया की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों दिल्ली में सीनियर अकाउंटेंट के तौर पर काम करते थे। पुलिस के अनुसार, प्रिया की यह दूसरी शादी थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह कभी-कभी तबीयत खराब होने की बात कहकर घर पर रुक जाती थी और शशांक के ऑफिस जाने के बाद प्रताप को बुलाती थी। पुलिस दोनों के कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप संदेशों की जांच कर रही है।

साजिश का खुलासा बाकी

शशांक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने प्रताप और प्रिया के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की योजना किसने बनाई और दोनों की भूमिका कितनी थी।

ये भी पढ़ें: नोएडा में 200 पेड़ काटने की अनुमति, फिर चार पेड़ों पर क्यों हुआ विवाद?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »