उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा में 200 पेड़ काटने की अनुमति, फिर चार पेड़ों पर क्यों हुआ विवाद?

नोएडा के बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क के लिए अनुमति से पहले चार पेड़ काटे गए। वन विभाग ने नोटिस जारी कर 200 पेड़ों की कटाई की जांच शुरू की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Biodiversity Park: नोएडा सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क विकसित करने की परियोजना पेड़ों की कटाई को लेकर सवालों में आ गई है। वन विभाग की जांच में अनुमति मिलने से पहले कैजुरिना के चार पेड़ काटे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद विभाग ने नोएडा प्राधिकरण के उपनिदेशक हॉर्टिकल्चर को नोटिस जारी किया है। अब विभाग यह भी जांच करेगा कि परियोजना के लिए तय संख्या के अनुसार ही पेड़ काटे गए हैं या नियमों का उल्लंघन हुआ है।

200 पेड़ काटने की मिली अनुमति

बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने वन विभाग से दो बार 100-100 पेड़ काटने की अनुमति मांगी थी। विभाग के मुताबिक, दोनों अनुरोधों को मंजूरी दी गई है। इस तरह परियोजना के लिए कुल 200 पेड़ काटने की अनुमति है। हालांकि, जांच के दौरान अनुमति मिलने से पहले चार कैजुरिना के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया। इसी आधार पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है।

अब मौके पर होगी पेड़ों की गिनती

वन विभाग अब मौके पर कटे पेड़ों की संख्या का सत्यापन करेगा। जांच में पता लगाया जाएगा कि कुल 200 पेड़ ही काटे गए हैं या निर्धारित सीमा से अधिक पेड़ों की कटाई हुई है। यदि अनुमति से ज्यादा पेड़ काटे जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल के अनुसार, डियर पार्क परियोजना के लिए 100-100 पेड़ काटने की दो अनुमतियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वास्तव में कितने पेड़ काटे गए हैं।

300 पेड़ों के प्रत्यारोपण पर भी नजर

परियोजना के तहत करीब 300 पेड़ों का प्रत्यारोपण भी प्रस्तावित है, लेकिन इसके लिए वन विभाग की एनओसी अभी जारी नहीं हुई है। इसके बावजूद मौके पर कुछ पौधे लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में अब वन विभाग की जांच केवल पेड़ों की कटाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्यारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के पालन पर भी सवाल उठेंगे। जांच के नतीजों से स्पष्ट होगा कि डियर पार्क परियोजना में सभी निर्धारित नियमों का पालन किया गया है या नहीं।

ये भी पढ़ें: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में गौतमबुद्धनगर के 12 नेताओं को जगह, जानिए किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »