उत्तर प्रदेश

3572 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, CM योगी बोले- अगले 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी ने कृषि विभाग और मंडी परिषद के 3572 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने अगले छह महीनों में एक लाख सरकारी नियुक्तियों का ऐलान किया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CM Yogi: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित 3572 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने जा रही है।

कृषि विभाग और मंडी परिषद में नियुक्तियां

कार्यक्रम में कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) के 3446 पदों और मंडी परिषद के मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करना अपने आप में चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए प्रदेश में नियुक्तियां की जा रही हैं। योगी के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में **9.30 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां** की गई हैं।

‘छह महीने में एक लाख नियुक्तियां’

सीएम योगी ने कहा कि सरकार की कोशिश भर्ती प्रक्रिया को और तेज करने की है। उन्होंने भर्ती बोर्डों से परीक्षा और नियुक्ति की समयसीमा कम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आने वाले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और नकल को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब परीक्षाओं को कम समय में पूरा कराया जा रहा है। योगी ने दावा किया कि कई परीक्षाएं 14 दिन में और परिणाम अगले 14 दिनों में जारी किए जा रहे हैं।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का इस्तेमाल कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि यूपी के युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उनके मुताबिक, हजारों युवाओं को इजराइल भेजा गया है, जहां वे रोजगार कर रहे हैं। योगी ने कहा कि यूपी की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में युवाओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है और निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी बढ़ रहे हैं।

किसानों और चीनी उत्पादन पर भी बोले योगी

मुख्यमंत्री ने चयनित मंडी सचिवों से किसानों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और मंडियों में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम करना होगा। चीनी की उपलब्धता को लेकर योगी ने कहा कि यूपी में किसी तरह की कमी नहीं है। उनके मुताबिक, प्रदेश में हर महीने करीब चार लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि लगभग 28 लाख टन का भंडार मौजूद है। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से चीनी मिलों के दोबारा संचालन के बाद उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।

ये भी पढ़ें: नोएडा Sector 51 से 52 तक सफर होगा आसान, आज से शुरू AC स्काईवॉक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »