उत्तर प्रदेशकानपुर

गाली-गलौज के विवाद में युवती, बहन और पिता से मारपीट: लाठी-डंडों से हमला, 6 नामजद; दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर

चौबेपुर में गाली-गलौज के विवाद के बाद युवती, बहन और पिता से मारपीट का आरोप, छह लोगों पर FIR; दूसरे पक्ष ने भी चोट और फ्रैक्चर की बात कही।

KANPUR NEWS। चौबेपुर थाना क्षेत्र के दिलीप नगर गांव में गाली-गलौज को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवती, उसकी बहन और पिता के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें युवती के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

अश्लील हरकतों को लेकर भी किया जा रहा दावा

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत युवती के साथ कथित अश्लील हरकतों के विरोध से हुई थी। हालांकि, चौबेपुर पुलिस के अनुसार मामला छेड़छाड़ का नहीं है। थाना प्रभारी के मुताबिक, विवाद गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ था। कुछ देर बाद कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।


FIR में 6 लोगों पर आरोप

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता रिया तिवारी ने आरोप लगाया है कि 24 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे रजोल सोनी, सज्जन, साहिल, गौरव, राहुल सोनी और मोहित सोनी भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे थे। रिया का आरोप है कि गाली देने से मना करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। शिकायत के अनुसार, शोर सुनकर रिया की बहन अर्चना और पिता मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने तीनों को चोटें आने का आरोप लगाया है।


जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

रिया तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। FIR संख्या 0277 को 24 अगस्त 2026 की रात करीब 10:22 बजे दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक विश्व प्रकाश पांडेय को सौंपी गई है।


दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर

चौबेपुर थाना प्रभारी के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट में दूसरे पक्ष के लोगों के हाथ में कथित फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। उनका मेडिकल कराया जा रहा है, पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष के मेडिकल और तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दूसरे पक्ष की ओर से भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


वायरल VIDEO की भी जांच

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र, लाखों की डील और सॉल्वर: कानपुर में प्रतियोगी परीक्षा गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »