उत्तर प्रदेश

आजम खां से जेल में ED की पूछताछ, जौहर ट्रस्ट मामले में अब किसकी बारी?

रामपुर जेल पहुंची ईडी की चार सदस्यीय टीम, जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामलों में आजम खां से सवाल-जवाब; विधायक नसीर अहमद से पहले ही हो चुकी है सात घंटे पूछताछ

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

ED Question’s Azam Khan: उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार सदस्यीय टीम मंगलवार को रामपुर जेल पहुंची और आजम खां से पूछताछ शुरू की। जांच एजेंसी उनके बयानों का सत्यापन करने के साथ ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई के बाद जौहर ट्रस्ट का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

जौहर ट्रस्ट के फैसलों पर ED की नजर

जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम आजम खां से ट्रस्ट की गतिविधियों और जांच से जुड़े दूसरे पहलुओं पर सवाल कर रही है। एजेंसी उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से भी पूछताछ की तैयारी में है। हालांकि, पूछताछ के दौरान किन सवालों के जवाब मिले हैं, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

विधायक नसीर अहमद से सात घंटे तक पूछताछ

इससे पहले ईडी रामपुर की चमरौआ विधानसभा सीट से सपा विधायक नसीर अहमद खां से करीब सात घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। नसीर जौहर ट्रस्ट के संयुक्त सचिव रह चुके हैं। इसी संबंध में उन्हें समन जारी कर बुलाया गया था। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने उनसे ट्रस्ट के महत्वपूर्ण फैसलों में भूमिका, दान जुटाने और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े मामलों पर सवाल किए। शत्रु संपत्ति प्रकरण को लेकर भी उनसे पूछताछ की गई। बताया जाता है कि नसीर ने ट्रस्ट में अपनी भूमिका से इनकार किया। पूछताछ के बाद उन्हें पद से संबंधित दस्तावेजों के साथ दोबारा पेश होने के लिए कहा गया।

आयकर छापों से लेकर शत्रु संपत्ति मामले तक जांच

नसीर अहमद पहले भी जांच एजेंसियों के निशाने पर रहे हैं। जौहर ट्रस्ट की जांच के दौरान आयकर विभाग ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके अलावा, आजम खां समेत अन्य लोगों के साथ शत्रु संपत्ति से जुड़े मामले में भी उनका नाम सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था।

अब शहरयार खां से पूछताछ की तैयारी

ईडी अब ट्रस्ट से जुड़े शहरयार खां से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। उन्होंने कथित तौर पर खुद को डमी ट्रस्टी बताया था। फिलहाल, जांच एजेंसी की कार्रवाई का दायरा बढ़ने के साथ कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आजम खां से पूछताछ में क्या नए तथ्य सामने आएंगे और ट्रस्ट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका पर जांच किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इस पर सबकी नजर है।

ये भी पढ़ें: सपा में शामिल हुए पूर्व राज्यमंत्री अच्छेलाल निषाद, सैकड़ों समर्थकों ने भी थामा पार्टी का दामन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »