Food Safety Department: ग्रेटर नोएडा में दीपावली से पहले मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। त्योहार के दौरान मिलावटी और दूषित मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिठाई बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और गंदगी मिलने से हड़कंप मच गया। कार्रवाई में करीब 300 किलो रसगुल्ले और अन्य मिठाइयां नष्ट कराई गईं, जबकि 450 किलो बूंदी जब्त कर ली गई। विभाग ने एक मिठाई निर्माण इकाई का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। कई मिठाई निर्माण इकाइयों पर पहुंचीं टीमें जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी में गणेश स्वीट की निर्माण इकाई से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने दनकौर के विलासपुर में सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला की जांच की। यहां छेना और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब 100 किलो रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और गंदगी मिली। इन्हें खाने योग्य नहीं मानते हुए नष्ट करा दिया गया। 450 किलो बूंदी सीज, 300 किलो मिठाई नष्ट खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-62 के रसूलपुर नवादा स्थित सम्यक मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। यहां से रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के नमूने लिए गए। जांच में करीब 450 किलो बूंदी सीज कर दी गई। इसके अलावा लगभग 300 किलो रसगुल्ले और अन्य मिठाइयों में गंदगी मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया। विभाग ने इकाई का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सुधार होने तक कारोबार पर रोक लगा दी है। इसके अलावा सेक्टर-58 के बिशनपुर स्थित सोनू मिठाई निर्माणशाला से भी बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। दीपावली तक जारी रहेगी छापेमारी खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अभियान के दौरान कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जुटाए गए। अधिकारियों की टीमें देर रात तक जांच अभियान में लगी रहीं। विभाग ने मिठाई कारोबारियों को केवल लाइसेंसधारी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से सामान खरीदने, बिल सुरक्षित रखने और निर्माण तिथि व बैच नंबर की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक छापेमारी जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: नोएडा में जहरीली हुई हवा, AQI 427 के पार! स्मॉग ने शहर को घेरा, GRAP-2 भी बेअसर?