Ghazipur MLC Election: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, चुनाव में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पीठासीन अधिकारियों और P-1 को मिली ट्रेनिंग चुनावी तैयारियों के तहत 14 अक्टूबर को आरटीआई सभागार में पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों (P-1) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया और प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदान से पहले सभी अधिकारियों को आवश्यक जानकारी देना जरूरी है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की उलझन या अव्यवस्था की स्थिति न बने। प्रशासन का लक्ष्य पूरी चुनाव प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है। 17 अक्टूबर को पूरी पोलिंग पार्टी की ट्रेनिंग जिलाधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद मतदान अधिकारियों की रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 17 अक्टूबर को पूरी पोलिंग पार्टी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारियों (P-1, P-2 और P-3) सहित सभी संबंधित कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर प्रशासन की नजर चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहले के चुनावों में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को चिह्नित किया है। डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अब 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के सामने अहम चुनौती है। ये भी पढ़ें: घरेलू मैदान से नेशनल टीम तक… इटावा के मोहम्मद कैफ का उत्तर प्रदेश सीनियर नेशनल हॉकी टीम में चयन