Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में माफिया मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। इस बार गैंग के सक्रिय सदस्य और मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की करीब सात करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस के मुताबिक, ये संपत्तियां उसने कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी थीं। पत्नी के नाम पर खरीदी गई थी जमीन पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के गिरधरिया और हैदरिया मौजे में की गई। यहां स्थित अंगद राय की करीब सात करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, अंगद राय ने संगठित अपराध से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल जमीन खरीदने में किया था। इनमें कुछ जमीन सीधे खरीदकर और कुछ दान के माध्यम से पत्नी सरिता राय के नाम पर दर्ज कराई गई थी। जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जब्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की। मुख्तार गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है अंगद राय अंगद राय उर्फ झूलन का नाम गाजीपुर के कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस के मुताबिक, वह मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग का सक्रिय सहयोगी और मुख्य शार्प शूटर रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 25 आपराधिक मुकदमे और एनसीआर दर्ज हैं। अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई जारी गाजीपुर पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई को संगठित अपराध से जुड़े लोगों की आर्थिक ताकत पर चोट के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अब मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क पर भी निगरानी बढ़ने की संभावना है। ये भी पढ़ें: मनरेगा के 3 कामों में 31.78 लाख का खेल! कहीं बिना निर्माण निकाली रकम, कहीं अधूरे काम का पूरा भुगतान