उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ एयरपोर्ट की मजदूर कॉलोनी में भीषण आग, 2 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार, दो झुलसे 

लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में मजदूरों की तीन मंजिला कॉलोनी में भीषण आग लग गई। 352 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि दो झुलस गए। दमकल की नौ गाड़ियों ने आग बुझाई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Lucknow Airport Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मजदूरों के रहने के लिए बने तीन मंजिला आवास में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि करीब दो किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया।

सिलेंडर पर खाना बनाते समय लगी आग

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास बनाया गया था। इसमें करीब 352 मजदूर रह रहे थे। मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे एक मजदूर सिलेंडर पर खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

सामान निकालने की कोशिश में दो मजदूर झुलसे

आग फैलने से पहले ही आवास में रह रहे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अपना सामान बचाने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दमकल की नौ गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से आवास का ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल गए, जबकि ऊपरी मंजिलों को भी नुकसान पहुंचा। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मौके पर एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम और सरोजनीनगर पुलिस भी मौजूद रही। समय रहते सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

ये भी पढ़ें: हरे-लाल रंग पर अखिलेश का तंज, वोट चोरी के आरोपों से EC पर भी निशाना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »