उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा एलिवेटेड रोड पर 1 महीने और लगा ब्रेक! IIT की जांच में मिली बड़ी खामी

नोएडा एलिवेटेड रोड पर सफर के लिए एक महीने और इंतजार करना होगा। IIT रुड़की की जांच में बेयरिंग कमजोर मिली, अब 11 मीटर का पूरा हिस्सा बदलेगा।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Elevated Road: नोएडा के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल एलिवेटेड रोड पर सफर करने वालों को अभी राहत मिलने वाली नहीं है। सड़क को दोबारा खोलने के लिए लोगों को करीब एक महीने का अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है। IIT रुड़की की जांच रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है। अब सिर्फ दरारों की मरम्मत नहीं होगी, बल्कि करीब 11 मीटर लंबे पूरे सेगमेंट को हटाकर उसकी जगह नया हिस्सा लगाया जाएगा।

IIT की रिपोर्ट में सामने आई तकनीकी खामी

पिछले करीब एक महीने से एलिवेटेड रोड पर यातायात बंद है। इसकी वजह क्षतिग्रस्त हिस्से में आई दरारें और सड़क की ऊपरी सतह का टूटना है। मामले की तकनीकी जांच IIT रुड़की को सौंपी गई थी। संस्थान की रिपोर्ट में सामने आया कि संबंधित हिस्से में लगी बेयरिंग ऊपर से पड़ने वाले भार को ठीक तरीके से संभालने में सक्षम नहीं थी। इसके चलते संरचना पर दबाव बढ़ता गया और धीरे-धीरे दरारें गहरी होती चली गईं। स्थिति बिगड़ने पर सड़क की ऊपरी सतह भी क्षतिग्रस्त हो गई।

11 मीटर का पूरा हिस्सा बदलेगा

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राधिकरण ने प्रभावित हिस्से को पूरी तरह बदलने का निर्णय लिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल दरारें भरने या अस्थायी मरम्मत करने से सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। इसलिए IIT रुड़की के इंजीनियरों की निगरानी में नया सेगमेंट लगाने का काम कराया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश के मुताबिक, विशेषज्ञों की सलाह पर स्थायी समाधान के लिए यह फैसला लिया गया है। मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

दूसरे हिस्सों की भी होगी जांच

प्राधिकरण अब एलिवेटेड रोड के अन्य सेगमेंट की बेयरिंग की भी जांच कराने की तैयारी में है, ताकि ऐसी तकनीकी खामी कहीं और मौजूद होने पर समय रहते उसका पता लगाया जा सके। दरअसल, बेयरिंग पुल और एलिवेटेड रोड के अलग-अलग हिस्सों के बीच भार को संतुलित रखने के साथ तापमान के बदलाव से होने वाली हलचल को भी नियंत्रित करती है।

फिलहाल 15 दिसंबर तक सड़क खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा। ऐसे में नोएडा के वाहन चालकों को अभी कुछ और दिन वैकल्पिक रास्तों से सफर करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: बुलंदशहर में STF की नोएडा यूनिट का बड़ा एक्शन, दाऊद गैंग का इनामी बदमाश ढेर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »