उत्तर प्रदेशनोएडा

सड़क बनी या सिर्फ खानापूर्ति हुई? नोएडा में ग्राउंड रिपोर्ट से खुली पोल

नोएडा के सेक्टर-122 में नई सड़क की गिट्टी हाथ से उखड़ रही है। रिसर्फेसिंग की गुणवत्ता पर सवाल उठे, CEO ने सभी सड़कों की जांच के आदेश दिए।

Noida Ground Report: नोएडा में सड़कों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रिसर्फेसिंग का काम कराया गया। इसके लिए टेंडर जारी किए गए और अलग-अलग सड़कों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी ठेकेदारों को सौंपी गई। लेकिन अब इन कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। नोएडा हेडलाइन टीवी की ग्राउंड रिपोर्ट में सेक्टर-122 की एक हाल ही में रिसर्फेस की गई सड़क की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां सड़क के किनारों से गिट्टी निकल रही है। हैरानी की बात यह है कि रिपोर्टिंग के दौरान सड़क की उखड़ती गिट्टी हाथ और उंगली से हटती दिखाई दी।

नई सड़क की हालत देखकर उठे सवाल

ग्राउंड रिपोर्ट में सेक्टर-122 की सड़क का निरीक्षण किया गया। मौके पर सड़क के किनारों की गिट्टी बिखरी हुई नजर आई। रिपोर्टर ने सड़क की सतह को हाथ से हटाकर दिखाया, जिसमें गिट्टी आसानी से निकलती दिखाई दी। इससे सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट में यह भी दिखाया गया कि पुरानी सड़क और नई डाली गई परत के बीच स्पष्ट अंतर नजर आ रहा है। आरोप है कि पुरानी सड़क का मलबा पूरी तरह हटाए बिना ही उसके ऊपर नई सामग्री डालकर रिसर्फेसिंग कर दी गई। सड़क के किनारे से नई परत का उखड़ना इस काम की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सीईओ ने दिए सभी सड़कों के आकलन के आदेश

सड़कों की रिसर्फेसिंग को लेकर मिल रही शिकायतों और गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बीच नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने सभी संबंधित कार्यों का दोबारा आकलन कराने की बात कही है। उनके मुताबिक, जिन सड़कों की रिसर्फेसिंग कराई गई है, उनकी जांच होगी और विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

इसके बाद रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। जांच में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच पर टिकी निगाहें

करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर नई सड़कें कुछ ही समय में उखड़ने लगें तो निर्माण कार्यों की निगरानी और ठेकेदारों की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि प्राधिकरण की जांच में सेक्टर-122 की सड़क समेत अन्य रिसर्फेसिंग कार्यों की गुणवत्ता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

ग्राउंड रिपोर्ट- अली खान

ये भी पढ़ें: नोएडा में प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा, 211 वाहनों के कटे चालान! सड़क पर निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »