Noida News: नोएडा में सड़कों को बेहतर, सुरक्षित और ज्यादा सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण ने 15 प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। करीब 47.27 किलोमीटर लंबी इन सड़कों पर लगभग 263.77 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। मॉडल रोड प्रोजेक्ट में केवल सड़क की री-सरफेसिंग नहीं होगी। फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, ड्रेन, आरसीसी डक्ट, ग्रीन एरिया, साइड पटरी, जंक्शन सुधार और सौंदर्यीकरण जैसे काम भी किए जाएंगे। इसका मकसद सड़क सुविधाओं को बेहतर करने के साथ शहर में हरियाली और यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है। एमपी-2 रोड पर 27.88 करोड़ का प्रस्ताव सेक्टर-16ए फिल्म सिटी से सेक्टर-61 अंडरपास तक 7.8 किलोमीटर लंबी एमपी-2 सबसे लंबी मॉडल रोड होगी। इस पर करीब 27.88 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। अट्टा अंडरपास से सेक्टर-61 अंडरपास तक री-सरफेसिंग पूरी हो चुकी है, जबकि सर्विस रोड पर काम जारी है। 75 मीटर रोड पर सबसे ज्यादा खर्च हाजीपुर से सेक्टर-51-52 और सेक्टर-71-72 अंडरपास की तरफ जाने वाली 75 मीटर रोड 7 किलोमीटर लंबी है। इस पर करीब 46 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। यहां फुटपाथ, जंक्शन, टाइल वाली साइड पटरी और ग्रीन एरिया विकसित किए जाएंगे। सेक्टर-47 से सेक्टर-98 तक करीब 3 किलोमीटर हिस्से का अनुमान मंजूरी के लिए भेजा गया है। कई प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-71 अंडरपास तक 5.5 किलोमीटर एमपी-3 रोड पर करीब 15.50 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। पर्याप्त बोली नहीं मिलने के कारण इसका दोबारा टेंडर कराया जा रहा है। अशोक नगर से हरौला लेबर चौक तक 1.4 किलोमीटर सड़क के लिए 17.88 करोड़, सेक्टर-2 से हरौला चौक तक 520 मीटर के लिए 9.86 करोड़ और वसुंधरा-दिल्ली बॉर्डर से उद्योग मार्ग तक 500 मीटर सड़क के लिए 7.60 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इनके टेंडर प्रकाशित हो चुके हैं। सड़कों का होगा कायाकल्प सेक्टर-62 में फोर्टिस अस्पताल से इंडस वैली स्कूल और स्मॉल डी-पार्क से बिग डी-पार्क तक की सड़कें भी योजना में शामिल हैं। यहां फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, ड्रेन, ग्रीन एरिया और जंक्शन सुधार किए जाएंगे। इसके अलावा हाजीपुर अंडरपास से एल्डेको क्रॉसिंग तक 3 किलोमीटर सड़क पर 35.21 करोड़ और जेपी फ्लाईओवर से डीएससी रोड तक 1.7 किलोमीटर सड़क पर 17.27 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। एडोब क्रॉसिंग से अट्टा पीर क्रॉसिंग तक 3.7 किलोमीटर पैरेलल रोड की री-सरफेसिंग के लिए एग्रीमेंट तैयार है। सेक्टर-79 टी-प्वाइंट से डीएससी रोड तक 3.5 किलोमीटर सड़क पर करीब 14.97 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं और यह काम फिलहाल मंजूरी की प्रक्रिया में है। ये भी पढ़ें: नोएडा की सुपरनोवा में इंजीनियर की मौत, जांच में सामने आई आर्थिक परेशानी, पिता से लगातार हो रही थी बातचीत