Supernova Spyra Building: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से पिता के साथ हुई बातचीत, एक वीडियो और सोसाइटी की CCTV फुटेज मिली है। इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, संभव गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर इलाके का रहने वाला था। उसने 2 अक्टूबर को सुपरनोवा के एस्पायर टावर में कमरा लिया था। घटना के समय पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियनों ने उसे समझाने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई। पिता से लगातार होती रही बातचीत पुलिस को मोबाइल की जांच में पता चला कि घटना से पहले संभव अपने पिता के संपर्क में था। बातचीत में उसकी मानसिक और आर्थिक परेशानियों का जिक्र सामने आया। पिता ने उसे समझाने और घर लौटने के लिए कहा था। पुलिस को फोन से करीब दो मिनट का एक वीडियो भी मिला है, जिसे घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस के अनुसार, उसमें भी संभव ने अपनी आर्थिक परेशानियों की बात कही थी। फिलहाल पुलिस सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। परिवार पर आर्थिक और निजी परेशानियों का असर परिजनों के मुताबिक, संभव की शादी 2024 में हुई थी। 2025 में उसके बच्चे का समय से पहले जन्म हुआ था और बच्चे के इलाज पर परिवार को काफी खर्च उठाना पड़ा। बाद में संभव का पत्नी से तलाक भी हो गया था। वह अपनी सेहत को लेकर भी परेशान रहता था। परिवार के अनुसार, इन परिस्थितियों के कारण वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में था और घर नहीं लौटा था। CCTV और कर्मचारियों से पूछताछ सेक्टर-126 थाना पुलिस ने सुपरनोवा में उसके आने से लेकर कमरे तक जाने की CCTV फुटेज सुरक्षित की है। घटना के समय मौजूद कर्मचारियों और तकनीशियनों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस मामले में मोबाइल चैट, वीडियो और CCTV समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। सुपरनोवा परिसर में इससे पहले भी ऊंचाई से गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस प्रत्येक मामले के तथ्यों की अलग-अलग जांच करती रही है। ये भी पढ़ें: 5% आबादी प्लॉट की फाइल पर बार-बार आपत्ति, भड़के किसान! नोएडा अथॉरिटी में प्रदर्शन के बाद मिला 3 दिन का आश्वासन