Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पैसेंजर लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में रुक गई। लिफ्ट में बच्चों और बुजुर्गों समेत 13 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। राहत की बात रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अचानक झटके के साथ रुक गई लिफ्ट जानकारी के मुताबिक, टावर एम की पैसेंजर लिफ्ट से कुछ बच्चे, बुजुर्ग और अन्य निवासी ऊपरी मंजिल से नीचे आ रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक झटके के साथ बीच के एक फ्लोर पर रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने मदद के लिए इंटरकॉम और सिक्योरिटी अलार्म का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन दोनों से तत्काल मदद नहीं मिल सकी। लिफ्ट में बच्चों के फंसे होने की जानकारी बाहर पहुंचने के बाद सोसाइटी में चिंता बढ़ गई। लोगों ने तुरंत सुरक्षा गार्ड और मेंटेनेंस टीम को इसकी सूचना दी। 20 मिनट बाद खोला गया गेट करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का गेट फर्स्ट फ्लोर पर खोला गया। इसके बाद अंदर फंसे सभी 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। निवासियों ने उठाए रखरखाव पर सवाल सोसाइटी निवासी दिनकर पांडेय ने आरोप लगाया कि लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही के चलते ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट का अटकना अब सोसाइटी में आम समस्या बन गई है। निवासियों के मुताबिक, लिफ्ट के बार-बार खराब होने से बच्चों और बुजुर्गों में डर बना रहता है। सोमवार की घटना में भी अगर इंटरकॉम और अलार्म समय पर काम करते, तो फंसे लोगों को मदद के लिए इतना इंतजार नहीं करना पड़ता। ये भी पढ़ें: पैरों पर गिरकर मांग माफी… ग्रेटर नोएडा में दरोगा से बदसलूकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार