उत्तर प्रदेशराजनीति

राहुल गांधी पर क्यों हमलावर हुई भाजपा? राजीव चंद्रशेखर बोले- खुद को युवाओं का मसीहा-रक्षक मानते हैं

भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने तंज कसा कि जब 2014 में कांग्रेस की सत्ता गई थी तो देश की 70 फीसदी युवा आबादी के पास न कोई शिक्षा थी और न कोई हुनर।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Rahul Gandhi: राहुल गांधी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। भाजपा नेता और केरल से पार्टी विधायक राजीव चंद्रशेखर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के युवाओं, बेरोजगारी, ईवीएम, लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था से जुड़े बयानों पर सवाल उठाए।

राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि वह राहुल गांधी की पिछले 12 वर्षों की राजनीति पर बात करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खुद को युवाओं के अधिकारों का ‘मसीहा और रक्षक’ बताते हैं, लेकिन 2014 में जब कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई, तब कामकाजी आबादी के एक बड़े हिस्से के पास शिक्षा और कौशल का अभाव था।

राहुल गांधी के दावों पर भाजपा का पलटवार

भाजपा नेता ने राहुल गांधी के बेरोजगारी संबंधी बयानों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी कांग्रेस शासित राज्य केरल में है। राजीव चंद्रशेखर ने ईवीएम को लेकर राहुल गांधी के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ईवीएम में सुनियोजित तरीके से छेड़छाड़ किए जाने और लोकतंत्र की चोरी जैसे आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन भाजपा के अनुसार उनके ये दावे बार-बार गलत साबित हुए हैं।

अर्थव्यवस्था और उद्योगपतियों को लेकर भी निशाना

राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था के खत्म होने की बात करते हैं, जबकि उनके अनुसार भारत 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। उन्होंने अदाणी और अंबानी को लेकर राहुल गांधी के आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि जिन उद्योगपतियों को लेकर राहुल गांधी सरकार पर सवाल उठाते हैं, उनके साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के संबंधों को भी देखा जाना चाहिए। भाजपा नेता ने पुलवामा हमले और बालाकोट एयरस्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी के पुराने बयानों का भी उल्लेख किया और कांग्रेस नेता के इन बयानों पर सवाल उठाए।

चुनाव आयोग को लेकर भी आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस

राहुल गांधी इन दिनों चुनाव आयोग और विशेष रूप से एसआईआर को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। वहीं, भाजपा राहुल गांधी और कांग्रेस पर चुनाव आयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के जरिए राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाती रही है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ देशव्यापी विरोध की तैयारी की बात भी सामने आई है। ऐसे में राहुल गांधी और भाजपा के बीच चुनाव आयोग को लेकर टकराव आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: ‘सनातन के बिना भारत की कल्पना…, सनातन पर CM योगी ने दिया बड़ा संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »