SP Stree Samman Yojana: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला वोटरों को साधने के लिए बड़ा चुनावी वादा किया है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं से जुड़े कई अहम ऐलान किए। सबसे बड़ा दावा ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को लेकर किया गया, जिसके तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने की बात कही गई है। डिंपल यादव ने कहा कि इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी। महिलाओं के लिए बड़ा संकल्प डिंपल यादव ने कहा कि योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और समय के साथ इसमें जरूरी सुधार किए जाएंगे। उनका कहना था कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता देना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा का हिस्सा है। PDA में ‘A’ का मतलब आधी आबादी डिंपल यादव ने समाजवादी पार्टी के PDA सामाजिक समीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ‘A’ का अर्थ आधी आबादी है। उन्होंने कहा कि हर उम्र की महिला के सम्मान और अधिकार की गारंटी होनी चाहिए। महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना विकास का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। 1090 को मजबूत करने का वादा अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए 1090 सिस्टम को फिर से मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जब जापानी प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश आया था, तब उन्हें यूपी का 1090 सिस्टम दिखाया गया था। अखिलेश ने इसे महिलाओं की स्वतंत्रता और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने पर पुलिस बल में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष एंबुलेंस सेवा शुरू करने का भी दावा किया गया। बंद स्कूल खोलने से लेकर छात्राओं को लैपटॉप तक अखिलेश यादव ने कहा कि आठवीं कक्षा तक के जो स्कूल बंद हो गए हैं, उन्हें दोबारा खोला जाएगा। इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने का भी वादा किया गया। उन्होंने अपने पुराने लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार की टैबलेट योजना पर भी निशाना साधा। अखिलेश ने बीजेपी पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात सिर्फ नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का दावा सपा नेतृत्व ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी बड़ा वादा किया। पार्टी के मुताबिक, सत्ता में वापसी होने पर हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल** बनाए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा की महिला नेताओं ने भी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में सांसद प्रिया सरोज, इकरा हसन और विधायक रागिनी सोनकर, पूजा शुक्ला, नसीम सोलंकी समेत कई महिला नेता मौजूद रहीं। चुनाव से पहले सपा के इन ऐलानों को महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। ये भी पढ़ें: 60 साल पार महिलाओं के लिए योगी सरकार की बड़ी सौगात, अब सालभर मुफ्त रोडवेज सफर