उत्तर प्रदेश

60 साल पार महिलाओं के लिए योगी सरकार की बड़ी सौगात, अब सालभर मुफ्त रोडवेज सफर

सीएम योगी ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना लॉन्च की। 60 वर्ष से अधिक महिलाओं को सालभर रोडवेज में मुफ्त सफर मिलेगा। रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को सुविधा मिलेगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Free Bus Travel: उत्तर प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। अब 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं प्रदेश की रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना की शुरुआत कर दी है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू हुई योजना

एक दिन पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद आईजीपी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाओं और बेटियों को विशेष स्थान दिया जा रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बेटियों को सार्वजनिक परिवहन में सफर करने को लेकर डर का माहौल रहता था।

आधार या वोटर आईडी दिखाना होगा

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की सभी पात्र महिलाओं को रोडवेज बसों में किराया नहीं देना होगा। यात्रा के दौरान उम्र की पुष्टि के लिए उन्हें आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी। सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस योजना पर हर महीने करीब 22.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रदेश में रोजाना 60 वर्ष से अधिक उम्र की 88 हजार से ज्यादा महिलाएं रोडवेज बसों से यात्रा करती हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में महिला यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

रक्षाबंधन पर सभी उम्र की महिलाओं को मुफ्त सफर

रक्षाबंधन के मौके पर सरकार ने एक और राहत का ऐलान किया है। त्योहार के दौरान हर आयु वर्ग की महिलाओं को तीन दिन तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यानी इस अवधि में 60 वर्ष की उम्र की शर्त लागू नहीं होगी।

अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था

त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। विशेष बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी, ताकि महिलाओं को आवागमन में परेशानी न हो। नई योजना से जहां बुजुर्ग महिलाओं को नियमित यात्रा में किराए से राहत मिलेगी, वहीं रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा से प्रदेश की महिला यात्रियों को अतिरिक्त सहूलियत मिलने वाली है।

ये भी पढ़ें: एक साल की नौकरी पर ग्रेच्युटी, यूपी में श्रमिकों को बड़ी राहत, महिलाओं को नाइट शिफ्ट की छूट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »