Today Weather Update: दिल्ली-NCR में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली। राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बिजली चमकने के साथ गरज सुनाई दी। मौसम बिगड़ने से सड़कों पर यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बारिश का दौर रहेगा जारी मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में गाजियाबाद, पूर्वी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और दक्षिणी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, पूरे NCR में बारिश की तीव्रता एक जैसी नहीं रहेगी। कुछ इलाकों में तेज बारिश तो आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की स्थिति बन सकती है। एमबी रोड पर लगा लंबा जाम बारिश का असर दिल्ली के ट्रैफिक पर साफ दिखाई दिया। एमबी रोड पर संगम विहार के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। जलभराव और धीमे ट्रैफिक के कारण ऑफिस जाने वाले लोगों के साथ एयरपोर्ट और कोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम से यात्री परेशान जाम में फंसे एक एयरफोर्स कर्मचारी ने बताया कि एमबी रोड पर अक्सर जाम रहता है, लेकिन बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। उनका कहना था कि जाम के कारण कई बार कर्मचारी समय पर ड्यूटी नहीं पहुंच पाते। वहीं, एयरपोर्ट जा रहे एक कैब यात्री ने बताया कि उनकी फ्लाइट दोपहर एक बजे की है, लेकिन वह काफी देर से जाम में फंसे हैं और समय पर एयरपोर्ट पहुंचने को लेकर चिंतित हैं। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि वह करीब एक घंटे से जाम में फंसा हुआ है। साकेत कोर्ट जाने वाले एक व्यक्ति ने भी देरी की शिकायत की। बारिश में सावधानी की अपील तेज बारिश के दौरान विजिबिलिटी कम होने और सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। तेज हवाओं के बीच पेड़ों, कमजोर होर्डिंग और निर्माणाधीन ढांचों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को बारिश और तेज हवा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। ये भी पढ़ें: 400 किलो नकली पनीर का खेल बेनकाब, खाद्य विभाग ने कराया नष्ट