उत्तर प्रदेश

भारत की विरासत को कोसना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं… राहुल के मनुस्मृति बयान पर योगी का पलटवार

राहुल गांधी के मनुस्मृति बयान पर योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल भारतीय विरासत को कोसना अपना अधिकार समझते हैं और युवाओं को गलत दिशा दे रहे हैं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति संबंधी बयान पर तीखा हमला बोला है। रायबरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों और विरासत को भूल जाता है, उसका भविष्य कमजोर हो जाता है।

योगी का राहुल पर हमला

योगी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश उनसे बतौर नेता प्रतिपक्ष संवैधानिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की अपेक्षा करता है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी भारत की परंपरा और विरासत को निशाना बनाना अपना अधिकार समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल देश के बाहर भारत और यूपी के बाहर उत्तर प्रदेश की छवि पर सवाल उठाते हैं।

मनुस्मृति पर राहुल के बयान का जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें कांग्रेस नेता ने महिलाओं को मनुस्मृति में बताए गए कथित बंधनों से बाहर आने की बात कही थी। राहुल ने मनुस्मृति में महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर बताए गए प्रावधानों की आलोचना करते हुए उन्हें शर्मनाक बताया था। इस पर योगी ने कहा कि यदि राहुल मनु और भारतीय परंपरा को समझना चाहते हैं तो उन्हें वेद, ब्राह्मण ग्रंथों और पुराणों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं के पारिवारिक रिश्तों का उदाहरण देते हुए राहुल के तर्क पर सवाल उठाया।

युवाओं को लेकर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में दिए गए बयानों का युवाओं पर असर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणियां युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकती हैं। योगी ने जंतर-मंतर पर एक युवती द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी और बाद में माफी मांगने के प्रसंग का भी उल्लेख किया।

राहुल ने क्या कहा था?

पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने महिलाओं की स्वतंत्र पहचान पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को केवल बेटी, पत्नी या मां की भूमिका तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। राहुल ने मनुस्मृति के उस कथित नियम की आलोचना की, जिसमें महिला को जीवन के अलग-अलग चरणों में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहने की बात कही गई है।

राहुल ने कहा था कि महिलाओं की अपनी पहचान और स्वतंत्र अस्तित्व है। उनके इस बयान पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद अब योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता को घेरा है।

ये भी पढ़ें: 7275 ई-चालान और 19 वाहन सीज, गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्यवाही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »