UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर बातचीत की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सपा ने सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसकी कमान सांसद रामगोपाल यादव को सौंपी गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति कैसे बनेगी। रामगोपाल यादव करेंगे कमेटी की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी की ओर से बनाई गई इस सात सदस्यीय कमेटी में पांच पार्टी नेताओं के अलावा दो डेटा एक्सपर्ट को भी शामिल किया गया है। यह टीम कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ गठबंधन की शर्तों और सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेगी। कमेटी में शामिल डेटा एक्सपर्ट विधानसभा की हर सीट का चुनावी गणित, पिछले चुनावों के नतीजे और उम्मीदवारों की स्थिति से जुड़ा आकलन पार्टी नेताओं के सामने रखेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला लेने में मदद मिलेगी। दोनों दलों के बीच 23 और 24 नवंबर को बातचीत प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में सीट शेयरिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठेगा। कांग्रेस की 181 सीटों की मांग ने बढ़ाई चुनौती गठबंधन की बातचीत के बीच कांग्रेस की सीटों की मांग ने सियासी चर्चा तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा से 181 सीटों की मांग की है। इनमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है। इस मांग का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि कांग्रेस की सूची में शामिल 181 सीटों में से 169 सीटें ऐसी बताई जा रही हैं, जहां पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई थी। ऐसे में सपा के सामने कांग्रेस की मांग और चुनावी समीकरणों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी। गठबंधन में मिलेगा सम्मान इससे पहले कांग्रेस की ओर से सीटों की सूची भेजे जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और दोनों दल एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का तालमेल बैठाएंगे। अखिलेश ने यह भी कहा था कि चुनाव में सबसे बेहतरीन उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा। अब सवाल यह है कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर सपा कितना सहमत होती है और रामगोपाल यादव की अगुवाई वाली कमेटी बातचीत में क्या फॉर्मूला निकालती है। 2027 के चुनाव से पहले यह सीट बंटवारा दोनों दलों के गठबंधन की दिशा तय कर सकता है। ये भी पढ़ें: गोरखपुर हादसे पर योगी का अखिलेश को सीधा चैलेंज, बोले- ऐसी कार्रवाई होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी!