Weather Update: उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने 21 अगस्त से आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-NCR में चार दिन बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 21 से 23 अगस्त तक बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। 22 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 अगस्त को तापमान 32 और 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। 24 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 25 अगस्त को तापमान 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से 21 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 20 से 24 अगस्त के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। बिहार के 19 जिलों में अलर्ट बिहार में मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट है। यहां भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में 25 अगस्त तक बारिश हिमाचल प्रदेश में 20-21 अगस्त को कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, हमीरपुर और ऊना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य में 25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में 21 से 23 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में भी 20 से 23 अगस्त तक कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। ये भी पढ़ें: स्टॉक मार्केट में मुनाफे का झांसा, नोएडा में 1.13 करोड़ की साइबर ठगी