Dubai Tel Aviv Flight: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के मामले में आरोपी को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के तौर पर हुई है। वह ओमान का नागरिक है। UAE के अभियोजक जनरल ने घटना को आतंकवादी हमले की कोशिश बताया है, हालांकि हमले के मकसद और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है। कॉकपिट में कैप्टन पर हमला 30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन मच्छर पर कथित तौर पर हमला किया और विमान के नियंत्रण पर कब्जा करने की कोशिश की। UAE की जांच के मुताबिक, हमले में कॉकपिट में मौजूद क्रैश एक्स का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई। कैप्टन मच्छर घायल होने के बावजूद स्थिति संभालने में सफल रहे। यात्रियों और क्रू सदस्यों ने आरोपी को काबू करने में मदद की, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 174 यात्री और 8 क्रू सदस्य थे सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 174 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कैप्टन और को-पायलट दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में दोनों को UAE ले जाया गया। हमाम अल-हमामी को लेकर पुरानी जांच हमले के बाद अल-हमामी की पुरानी पृष्ठभूमि भी जांच के दायरे में आ गई है। कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह पहले ओमान एयर के साथ काम कर चुका था और 2024 में कथित चरमपंथी विचारों से जुड़ी चिंताओं के चलते उसे उड़ान संबंधी जिम्मेदारियों से हटाया गया था। हालांकि, उसकी पहचान और विचारधारा से जुड़े कई दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि जांच एजेंसियां उसके ऑनलाइन गतिविधियों, विदेश में बिताए समय और कथित कट्टरपंथी संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। जांचकर्ता यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि उसके विचारों में बदलाव कब और कैसे आया। फिर फ्लाईदुबई में कैसे मिली नौकरी? इस मामले में जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि अगर ओमान में उसके खिलाफ पहले सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई थीं, तो वह बाद में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में को-पायलट के तौर पर कैसे काम कर रहा था। अल-हमामी के पिछले रोजगार और सुरक्षा जांच से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। UAE और इजराइली एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसने अकेले यह कदम उठाया या किसी अन्य व्यक्ति अथवा संगठन से उसका कोई संबंध था। कैप्टन स्मित मच्छर से PM मोदी ने की बात घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घायल कैप्टन स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बातचीत की। रिपोर्टों के मुताबिक, बातचीत करीब नौ मिनट चली। मच्छर ने घटना के दौरान अपनी स्थिति और विमान में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। फिलहाल अल-हमामी UAE की हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों की जांच का फोकस हमले की पूरी वजह, संभावित आतंकी कनेक्शन और विमान के क्रू में उसकी नियुक्ति से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल पर है। ये भी पढ़ें: भारतीय पायलट स्मित मच्छार का साहस बना मिसाल, PM मोदी से ट्रंप-नेतन्याहू तक ने की जमकर तारीफ