बिज़नेस

सोना हुआ सस्ता, चांदी ने पकड़ी रफ्तार! क्या फिर बदलने वाला है बाजार का खेल?

सोने में गिरावट से खरीदार खुश, लेकिन चांदी की रफ्तार ने बढ़ाई बाजार की हलचल

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Gold-Silver Rate Today || MCX Gold Rate || Gold Prices Fall || India Gold Market: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजारों में जारी उथल-पुथल के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। निवेशकों की प्रॉफिट बुकिंग और बाजार में बने असमंजस के चलते गोल्ड के दाम नीचे आए हैं, जबकि दूसरी तरफ चांदी की चमक लगातार बढ़ती नजर आ रही है। सोने की कीमतों में आई इस गिरावट ने आम खरीदारों को थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में फिर बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

मिडल ईस्ट का तनाव बाजार पर

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 580 रुपये यानी 0.38 फीसदी टूटकर 1,51,944 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,52,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर लगातार कमोडिटी बाजार पर पड़ रहा है। वहीं निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने से भी सोने के दाम में दबाव देखने को मिला।

क्या है नए दाम

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला 24 कैरेट सोना 100 रुपये सस्ता होकर 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एक दिन पहले यही कीमत 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं 99.5 फीसदी प्योरिटी वाले सोने का भाव भी 100 रुपये टूटकर 1,55,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इससे पहले इसका रेट 1,55,200 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

बाजार में छाई सोने की चमक

हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक अब भी बरकरार दिखाई दे रही है। ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड करीब 0.7 फीसदी की तेजी के साथ 4,721 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि वैश्विक स्तर पर निवेशकों का भरोसा अभी भी सोने पर बना हुआ है। दूसरी ओर, MCX पर अगस्त डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में तेजी देखने को मिली। मजबूत स्पॉट डिमांड और ट्रेडर्स की ताजा खरीदारी के चलते सोने का भाव 689 रुपये यानी 0.45 फीसदी चढ़कर 1,52,950 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।

चांदी में लगातार बढ़ोतरी

अगर चांदी की बात करें तो इसमें लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। खबर लिखे जाने तक 3 जुलाई 2026 को एक्सपायर होने वाली चांदी करीब 400 रुपये से ज्यादा की तेजी के साथ 2,62,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी। बाजार जानकारों का कहना है कि वैश्विक तनाव, डॉलर की चाल और निवेशकों की रणनीति आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करेगी। ऐसे में निवेशकों की नजर अब अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और घरेलू बाजार दोनों पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »