उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा के बाजारों में धनवर्षा! 5 दिन में 2000 करोड़ के कारोबार की उम्मीद, जानिए कहां होगी सबसे ज्यादा बिक्री

नोएडा में धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिनों में 2000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। पिछले साल के मुकाबले बिक्री 20 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Diwali Shopping: त्योहारी सीजन में नोएडा के बाजारों में इस बार जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है। धनतेरस से लेकर भाई दूज तक पांच दिनों में जिले के बाजारों में करीब 2000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार बिक्री में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। बाजारों से लेकर शॉपिंग मॉल और ऑटोमोबाइल सेक्टर तक खरीदारी का माहौल गर्म रहने की संभावना है।

स्वदेशी उत्पादों की बढ़ रही मांग

सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के मुताबिक, त्योहारों का समय व्यापारियों के लिए कारोबार बढ़ाने का बड़ा अवसर है। इस बार ग्राहक विदेशी सामान के बजाय भारतीय उत्पादों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। मिट्टी के दीये, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, शुभ-लाभ और ओम के प्रतीक चिह्नों के साथ हस्तशिल्प से बने उत्पादों की मांग बढ़ रही है। इससे स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को भी अच्छा कारोबार मिलने की उम्मीद है।

कपड़े, गहने और इलेक्ट्रॉनिक्स पर रहेगा जोर

त्योहारी खरीदारी के दौरान कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, बर्तन, कॉस्मेटिक्स, जूते और घड़ियों की बिक्री बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा मिठाई, नमकीन, ड्राईफ्रूट, गिफ्ट आइटम, खिलौने और घरेलू इलेक्ट्रिकल सामान की भी अच्छी मांग रहने की संभावना है ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी त्योहारों के दौरान ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

किस सेक्टर में कितना कारोबार होने का अनुमान?

व्यापारिक अनुमानों के मुताबिक, खाद्य सामग्री और किराना, सोने-चांदी के आभूषण तथा कपड़ा कारोबार में करीब 15-15 प्रतिशत हिस्सेदारी रहने की संभावना है। इलेक्ट्रॉनिक्स में 10 प्रतिशत और गिफ्ट आइटम में 8 प्रतिशत कारोबार का अनुमान है। वहीं कॉस्मेटिक्स में 6 प्रतिशत, मिठाई-नमकीन में 5 प्रतिशत, फर्नीचर में 4 प्रतिशत और फल-ड्राईफ्रूट, होम डेकोर, पूजा सामग्री व बर्तनों जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार की उम्मीद है।

देशभर में 7 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुमान के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में देशभर में करीब 7 लाख करोड़ रुपये का व्यापार हो सकता है। वहीं नोएडा में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की उम्मीद है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है तो इस बार का त्योहार व्यापारियों के लिए पिछले साल से ज्यादा मुनाफे वाला साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें: रोज 30 सिगरेट पीने जैसा हाल… दिल्ली की जहरीली हवा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »