उत्तर प्रदेशराजनीति

UP चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव! सपा से मांगीं 181 सीटें, रायबरेली-अमेठी की सभी सीटों पर ठोका दावा

यूपी चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने सपा से 181 सीटों की मांग की। लीक सूची में रायबरेली-अमेठी समेत कई जिले शामिल हैं। 17 नवंबर से सीट बंटवारे पर बातचीत होगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Congress Demands 181 Seats From SP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस की एक कथित लीक सूची ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, जिन पर पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने अपने पारंपरिक गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर दावा जताया है।

रायबरेली-अमेठी से लखनऊ तक कांग्रेस की नजर

सूची में रायबरेली सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी, ऊंचाहार, तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी जैसी सीटें शामिल हैं। वहीं, लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सीट पर भी कांग्रेस की दावेदारी बताई गई है। पश्चिमी यूपी में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर की कई सीटों को सूची में जगह मिली है। इनमें दादरी, जेवर, लोनी, मोदीनगर, मेरठ दक्षिण, सिवालखास और सिकंदराबाद प्रमुख हैं।

ब्रज और रुहेलखंड में भी सीटों पर नजर

ब्रज क्षेत्र में अलीगढ़ की कोल, इगलास और खैर, मथुरा की मांट, मथुरा और बलदेव के अलावा आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़, बाह और टूंडला जैसी सीटें शामिल हैं। रुहेलखंड में बदायूं, दातागंज, बरेली कैंट, मीरगंज, नवाबगंज, पीलीभीत, पूरनपुर, तिलहर और शाहजहांपुर पर कांग्रेस ने दावेदारी जताई है। वहीं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी और अयोध्या की कई सीटें भी इस सूची का हिस्सा हैं।

कानपुर, बुंदेलखंड और पूर्वांचल में भी तैयारी

कानपुर नगर और देहात की अकबरपुर रनिया, बिल्हौर, बिठूर, गोविंदनगर, किदवई नगर और कानपुर कैंट सीटों को प्राथमिकता में रखा गया है। इसके अलावा फर्रुखाबाद, औरैया, उरई, झांसी नगर, मऊरानीपुर, हमीरपुर, राठ, नरैनी और मानिकपुर जैसी सीटों पर भी दावा किया गया है। पूर्वांचल में प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की कई विधानसभा सीटें सूची में शामिल बताई जा रही हैं।

17 नवंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे पर चर्चा

सीटों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। वहीं, कांग्रेस और सपा के बीच 17 नवंबर से सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, कांग्रेस पहले ही सपा को 180 से 200 सीटों का प्रस्ताव दे चुकी है। दोनों दलों की ओर से कमेटियां बनाई जा रही हैं, जो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारों की स्थिति और चुनावी संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।

सीट बंटवारे पर सस्पेंस कायम

अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व को लेना है। कांग्रेस का कहना है कि उसका जोर सिर्फ ज्यादा सीटें हासिल करने पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर है। अब देखना होगा कि सपा कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर कितना सहमत होती है और गठबंधन में सीटों का अंतिम गणित क्या निकलता है।

ये भी पढ़ें: आकाश आनंद ने बिजनौर से भरी चुनावी हुंकार, 7000 करोड़ के खर्च से लेकर 13 लाख खाली पदों तक… सरकार से पूछे तीखे सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »