Noida News: नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रायपुर तिराहे के पास ट्रक मार्केट में शराब पार्टी के दौरान एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार के अंदर मौजूद एक युवक की जान चली गई। आग बुझने के बाद कार से युवक का जला हुआ शव बरामद किया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। कार में बैठकर कर रहे थे शराब पार्टी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार चालक राजेंद्र अपने साथ एक अन्य युवक को लेकर गाड़ी में बैठा था। दोनों कार के अंदर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वे बीड़ी भी पी रहे थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी पीने के दौरान कार में आग लगी होगी। बताया जा रहा है कि कार CNG से चलती थी। आग लगने के बाद गाड़ी में ब्लास्ट होने की आशंका है, जिसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इस दौरान कार में मौजूद एक युवक आग की चपेट में आ गया और बाहर नहीं निकल सका। दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार की तलाशी लेने पर अंदर युवक का शव मिला। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस थाना सेक्टर-126 के प्रभारी सोमेश के मुताबिक, पुलिस अब मृतक की पहचान करने के साथ कार में मौजूद दूसरे युवक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर बीड़ी से आग लगने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में महिला दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बाथरूम में मिला शव