Digvijaya Singh: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर ऐसा तंज कसा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह रही कि बयान के दौरान उनकी पत्नी अमृता राय ने भी उन्हें इशारों में रोकने की कोशिश की। बागेश्वर बाबा की कथा पर क्या बोले दिग्विजय? दरअसल, दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर निकले हैं। इसी दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि छतरपुर के बागेश्वर महाराज उनके रिश्तेदार राजा भैया के यहां कथा करने पहुंचे हैं। राजा भैया का जिक्र आते ही उनके पास बैठीं पत्नी अमृता राय ने हाथ के इशारे से उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद दिग्विजय ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि बागेश्वर महाराज ने जिन-जिन जगहों पर रामकथा की है, वहां के लोग चुनाव हार गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जितनी ज्यादा जगह बागेश्वर महाराज की कथा करवाएगी, उतना ही अच्छा होगा। उनके इस बयान के बाद दिग्विजय और उनकी पत्नी का रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया है। हिंदुत्व और सनातन धर्म पर भी दिया बयान गुरुवार को ललितपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व ध्रुवीकरण करता है और दूसरे धर्मों के खिलाफ नफरत फैलाता है। उन्होंने हिंदू शब्द की उत्पत्ति का जिक्र करते हुए कहा कि यह फारसी भाषा से आया है। उनके मुताबिक, सिंधु नदी के इस पार रहने वाले लोगों को हिंदू कहा जाता था। उन्होंने सनातन धर्म को प्रेम, सद्भाव, सत्य, अहिंसा, करुणा और दया का प्रतीक बताया। दिग्विजय ने कहा कि सनातन धर्म पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की भावना सिखाता है और इसे हिंदुत्व की राजनीति से अलग समझना चाहिए। राजा भैया से है रिश्तेदारी दिग्विजय सिंह और राजा भैया के पारिवारिक रिश्ते भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। राजा भैया कई बार राघौगढ़ किले में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। बागेश्वर बाबा भी राघौगढ़ किले का दौरा कर चुके हैं। अब दिग्विजय के ताजा बयान और पत्नी के रिएक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। ये भी पढ़ें: योगी से लेकर दोनों डिप्टी सीएम तक को मिली जिम्मेदारी, BJP में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तैयार!