Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच गौतमबुद्ध नगर में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर परिवहन विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। गुरुवार, 19 नवंबर को चलाए गए विशेष अभियान में 211 वाहन बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के चलते पकड़े गए। इन सभी के चालान काटे गए। प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा अभियान के दौरान सिर्फ पीयूसी की जांच ही नहीं हुई, बल्कि धुआं छोड़ने वाले वाहनों और खुले में निर्माण सामग्री ले जाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। जांच टीमों को दो ऐसे वाहन मिले, जिनसे चलते समय काफी धुआं निकल रहा था। अधिकारियों ने दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा निर्माण और तोड़फोड़ से निकले मलबे को बिना ढके ले जा रहे सात वाहन भी पकड़े गए। इनके चालान भी किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, खुले में निर्माण सामग्री और मलबा ले जाने से रास्तों पर धूल फैलती है, जिससे हवा की गुणवत्ता और खराब होती है। वहीं, वाहनों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण बढ़ाने की बड़ी वजह है। NGT के नियमों के तहत चल रहा अभियान गौतमबुद्ध नगर में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के स्टेज-1 और स्टेज-2 के प्रावधानों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके दायरे में बिना पीयूसी वाले वाहन, अधिक धुआं छोड़ने वाली गाड़ियां और निर्माण सामग्री को खुले में ले जाने वाले भारी वाहन शामिल हैं। परिवहन विभाग और संबंधित टीमें अलग-अलग सड़कों पर वाहनों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को राहत नहीं मिलेगी और आने वाले दिनों में भी चालान व कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क पर निकलने से पहले पीयूसी समेत जरूरी दस्तावेजों की वैधता जांचने और निर्माण सामग्री को ढककर ले जाने की हिदायत दी गई है। लापरवाही अब सीधे चालान की वजह बन सकती है। ये भी पढ़ें: नोएडा एलिवेटेड रोड पर 1 महीने और लगा ब्रेक! IIT की जांच में मिली बड़ी खामी