Air Raid Mock Drill: युद्ध या किसी बड़ी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन कितना तैयार है, इसकी झलक रविवार को आयोजित एक विशेष मॉकड्रिल में देखने को मिली। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, कचहरी रोड पर एयर रेड और सिविल डिफेंस का संयुक्त अभ्यास किया गया। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी से लेकर ब्लैकआउट, आगजनी और राहत-बचाव कार्यों तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। सायरन बजते ही बंद हुई बिजली रविवार शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक चले इस अभ्यास में शाम 6 बजे सीआईएसएफ बटालियन ने मॉक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी। इसके तुरंत बाद विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी और ब्लैकआउट का अभ्यास कराया। इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और अनावश्यक रोशनी से बचने के प्रति जागरूक किया गया। ऑल क्लियर सायरन के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस, नेहरू युवा केंद्र और आपदा मित्रों की टीम ने क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया। वहीं, अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक का हुआ अभ्यास मॉकड्रिल में स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी की टीम ने घायलों की पहचान, टैगिंग, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया दिखाई। इसके अलावा रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की जानकारी भी दी गई। कई विभागों ने लिया हिस्सा कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश मिश्रा, अफीम फैक्ट्री प्रबंधक रजत तिवारी और सीआईएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट गोविन्द नारायन मीणा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अभ्यास के समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों को मजबूत करते हैं। ये भी पढ़ें: आजम खान के बयान पर AIMIM का अनोखा पलटवार! इटावा में बंटवाई हैदराबादी बिरयानी