उत्तर प्रदेशनोएडा

जेवर एयरपोर्ट से फरवरी 2027 में उड़ान भरेगी पहली इंटरनेशनल फ्लाइट! जानिए पूरा प्लान

जेवर एयरपोर्ट से फरवरी 2027 में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। पहली फ्लाइट स्विट्जरलैंड जा सकती है। जनवरी तक जरूरी मंजूरियां पूरी करने का लक्ष्य है।

Noida International Airport: ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। एयरपोर्ट से फरवरी 2027 में विदेशी उड़ानों का संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। खास बात यह है कि यहां से पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो सकती है। हालांकि, इसके लिए जरूरी सुरक्षा मंजूरियां और अन्य औपचारिकताएं पूरी होना अभी बाकी है।

जनवरी तक पूरी होंगी जरूरी औपचारिकताएं

सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट प्रबंधन जनवरी 2027 तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने की तैयारी में है। इसके लिए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की आवश्यक मंजूरियां अहम होंगी। सभी सुरक्षा मानकों और नियामक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही विदेशी उड़ानों को हरी झंडी मिल सकेगी।

फिलहाल स्विट्जरलैंड के लिए पहली फ्लाइट शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इस रूट और संबंधित एयरलाइन के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

IGI एयरपोर्ट पर कम होगा यात्रियों का दबाव?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सहयोगी कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) ने किया है। इसका उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दबाव कम करना है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को विदेश जाने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है।

विधायक ने बताई एयरपोर्ट की बड़ी योजना

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के मुताबिक, एयरपोर्ट से जल्द अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। फिलहाल यहां से उदयपुर और कोलकाता के लिए घरेलू उड़ानें शुरू की गई हैं। जनवरी 2027 तक अंतरराष्ट्रीय संचालन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बनेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।

गौरतलब है कि DGCA मार्च 2026 में एयरपोर्ट को एयरोड्रोम लाइसेंस दे चुका है और घरेलू यात्री संचालन के लिए सुरक्षा मंजूरी भी मिल चुकी है। अब सबकी नजरें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अंतिम मंजूरी और फरवरी 2027 की संभावित शुरुआत पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

ये भी पढ़ें: नोएडा में चुनाव से पहले मतदाता सूची की पड़ताल शुरू, कहीं आपका नाम तो नहीं छूट गया? BLO करेंगे बड़ी जांच

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »