Bulldozer Action in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। छपरौला स्थित सहारा समतल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के दौरान करीब 3 एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है। JCB और डंपर लेकर पहुंची प्राधिकरण की टीम प्राधिकरण की टीम जेसीबी और डंपर के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और कब्जा करने के उद्देश्य से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को भी बुलडोजर से गिरा दिया गया। विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस कार्रवाई से अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। सीईओ के निर्देश पर जारी है अभियान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य सरकारी जमीन को कब्जों से मुक्त कराना और अवैध कॉलोनियों के विस्तार पर रोक लगाना है। जमीन खरीदने से पहले जांच करने की अपील प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की जानकारी प्राधिकरण से जरूर लें। अधिकारियों ने आगाह किया कि अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों की मेहनत की कमाई फंस सकती है। रिपोर्ट- रमेश परिहार ये भी पढ़ें: सूटकेस खोलते ही पुलिस के उड़े होश! 20.6 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख की खेप बरामद