उत्तर प्रदेशनोएडा

यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से बदलेगी रफ्तार! कोहरे में 100 नहीं 75 KM प्रति घंटे की होगी स्पीड लिमिट

कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर अब तेज रफ्तार नहीं चलेगी! 25 नवंबर से 15 फरवरी तक स्पीड लिमिट 100 से घटाकर 75 KM प्रति घंटा होगी।

Yamuna Expressway: सर्दियों में घने कोहरे के बीच यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अपनी रफ्तार कम रखनी होगी। कोहरे के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटे करने को कहा गया है। यह व्यवस्था 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।

स्पीड लिमिट में बदलाव

प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी को निर्देश दिया है कि बदली हुई गति सीमा की जानकारी देने वाले बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं। साथ ही समाचार पत्रों के माध्यम से भी वाहन चालकों को इस बदलाव की जानकारी दी जाए।

पंपलेट से लेकर रेडियो अनाउंसमेंट तक होंगे इंतजाम

YEIDA ने अपने पत्र में सात प्रमुख बिंदुओं पर कार्रवाई करने को कहा है। इसके तहत कोहरे और धुंध में सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों की जानकारी देने के लिए पंपलेट बांटे जाएंगे। इन्हें एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड फैसिलिटी पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लगातार सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जाएंगे। रेडियो एफएम और बड़े डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से भी वाहन चालकों को सतर्क किया जाएगा। शनिवार, रविवार और सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए टोल कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट पर भी जोर

प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर लगे साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप की स्थिति पर भी चिंता जताई है। पत्र के मुताबिक, कई स्थानों पर इनकी चमक कम होने से कोहरे में सड़क और संकेतक स्पष्ट दिखाई नहीं देते। इससे हादसों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में खराब रिफ्लेक्टिव टेप को तत्काल बदलने और जरूरत के अनुसार एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सातों निर्देशों पर देनी होगी रिपोर्ट

YEIDA ने संचालन करने वाली कंपनी को पहले जारी किए गए 18 दिसंबर 2025 और 5 जनवरी 2026 के निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही सातों बिंदुओं पर कार्रवाई पूरी कर प्राधिकरण को इसकी जानकारी देनी होगी। कुल मिलाकर, सर्दियों में यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए अब सावधानी और निर्धारित गति सीमा का पालन बेहद जरूरी होगा।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

ये भी पढ़ें: नोएडा में लाखों खर्च कर बने 38 क्योस्क पर लटका ताला! डेढ़ साल से इंतजार, आखिर किस वजह से अटका आवंटन?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »