Noida Authority: शहर के व्यस्त बाजारों में कारोबार और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बनाए गए 38 क्योस्क अब खुद ही इंतजार की मिसाल बन गए हैं। सेक्टर-18 और सेक्टर-38ए स्थित जीआईपी मॉल के सामने तैयार किए गए इन क्योस्क को बने डेढ़ साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन आज तक इनमें दुकानें शुरू नहीं हो सकी हैं। प्राधिकरण ने आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कोशिश जरूर की, लेकिन मामला अब भी फैसले के इंतजार में अटका हुआ है। क्यों रुकी प्रक्रिया? क्योस्क के संचालन और आवंटन को लेकर प्राधिकरण ने करीब तीन महीने पहले एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी किया था। इसके जरिए लोगों और कंपनियों से सुझाव मांगे गए थे। इस प्रक्रिया में कई सुझाव सामने आए। इनमें क्योस्क की आवंटन दरें कम करने, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। संभावित कारोबारियों का मानना था कि इन बुनियादी सुविधाओं के बिना क्योस्क का संचालन करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में आवंटन से पहले सुविधाओं और शर्तों को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनाने की जरूरत है। अंतिम फैसला अब भी बाकी सुझाव मिलने के बाद प्राधिकरण ने आवंटन की दरें और शर्तें तय करने के लिए एसीईओ पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की थी। कमेटी को मिले सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करनी थी। हालांकि, कमेटी के गठन के करीब डेढ़ महीने बाद भी कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। इसका सीधा असर क्योस्क के आवंटन पर पड़ रहा है। बंद पड़े क्योस्क की हालत होने लगी खराब लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने के कारण इन क्योस्क की स्थिति भी बिगड़ने लगी है। इनमें लगाया गया सामान खराब और क्षतिग्रस्त होने लगा है। ऐसे में प्राधिकरण के खर्च के साथ-साथ इन जगहों पर कारोबार शुरू होने की संभावनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन 38 क्योस्क का आवंटन कब होगा और दुकानों में कब रौनक लौटेगी? अगर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो तैयार ढांचे और उसमें लगाए गए संसाधनों का नुकसान बढ़ सकता है। फिलहाल कारोबारियों और स्थानीय लोगों को प्राधिकरण के अगले कदम का इंतजार है। रिपोर्ट- सुमित राजपूत ये भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा के बीच जाम का झंझट होगा खत्म! चिल्ला एलिवेटेड रोड का 70% काम पूरा, जानिए कब शुरू होगा सफर